पुतुर गांव में पुलिस का जन-जागरूकता अभियान, थाना प्रभारी ने ग्रामीणों को दी महत्वपूर्ण जानकारी Sagma

पुतुर गांव में पुलिस का जन-जागरूकता अभियान, थाना प्रभारी ने ग्रामीणों को दी महत्वपूर्ण जानकारी
रामानन्द प्रजापति 
 
सगमा : धुरकी थाना क्षेत्र के सोनडीहा पंचायत अंतर्गत पुतुर गांव स्थित चौपाल के समीप पुलिस प्रशासन की ओर से जन-जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में उपस्थित ग्रामीणों को विभिन्न सामाजिक समस्याओं एवं सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी देकर जागरूक किया गया।
अभियान के दौरान साइबर ठगी से बचने के उपाय, यातायात नियमों का पालन, आपातकालीन परिस्थिति में डायल 112 की उपयोगिता, डायन-बिसाही जैसी सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करने तथा जमीन विवादों का कानूनी तरीके से निपटारा करने की जानकारी दी गई। वहीं, लोक आस्था के महापर्व छठ को देखते हुए छठ घाटों की साफ-सफाई एवं स्वच्छता बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया गया।
इस मौके पर थाना प्रभारी जनार्दन राऊत ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि समाज में शांति, सुरक्षा और आपसी भाईचारा बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। किसी भी प्रकार के जमीन विवाद में मारपीट या हिंसा का रास्ता न अपनाएं, बल्कि आपसी बातचीत और कानूनी प्रक्रिया के माध्यम से समस्या का समाधान करें। उन्होंने साइबर अपराध से सतर्क रहने और किसी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी एवं बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी साझा नहीं करने की भी सलाह दी।
वहीं, ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि गांव में इस तरह का जागरूकता अभियान चलने से लोगों को कानून, सुरक्षा और सामाजिक कुरीतियों के प्रति महत्वपूर्ण जानकारी मिलती है। ग्रामीणों ने थाना प्रभारी जनार्दन राऊत एवं पूरी पुलिस टीम को इस सराहनीय पहल के लिए धन्यवाद देते हुए आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी पुलिस प्रशासन इसी तरह गांव-गांव पहुंचकर लोगों को जागरूक करता रहेगा।

Latest News

केसरवानी वैश्य सभा गढ़वा ने छठ व्रतियों के बीच 1000 नारियल एवं सूप तथा पान का किया वितरण।Garhwa