कांडी । 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर कांडी थाना परिसर में थाना प्रभारी ऋषिकेश कुमार सिंह समेत सभी पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों ने संविधान की शपथ ली।
इस दौरान सभी पुलिसकर्मियों ने भारतीय संविधान में निहित मूल्यों, आदर्शों एवं लोकतांत्रिक व्यवस्था के प्रति अपनी निष्ठा व्यक्त की।
मौके पर थाना प्रभारी ऋषिकेश कुमार सिंह ने पुलिसकर्मियों को संविधान की गरिमा बनाए रखने और उसके सिद्धांतों के अनुरूप अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि संविधान देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक व्यवस्था का मजबूत आधार है। प्रत्येक नागरिक के अधिकारों की रक्षा करना और कानून का निष्पक्ष रूप से पालन कराना पुलिस की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर पुलिसकर्मियों ने देश की संप्रभुता, एकता और अखंडता बनाए रखने के साथ संविधान के प्रति सच्ची निष्ठा रखने का संकल्प लिया। उन्होंने आम जनता के साथ सम्मानजनक व्यवहार करने, कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा बिना किसी भेदभाव के अपने दायित्वों का निर्वहन करने की प्रतिबद्धता जताई।
थाना प्रभारी ने कहा कि पुलिस प्रशासन और आम जनता के बीच बेहतर समन्वय से ही समाज में शांति और सुरक्षा का वातावरण कायम किया जा सकता है। सभी पुलिसकर्मियों को ईमानदारी, अनुशासन और संवेदनशीलता के साथ जनता की सेवा करने की प्रेरणा दी गई।
कार्यक्रम में कांडी थाना के पुलिस पदाधिकारी एवं सभी जवान उपस्थित थे।
