श्री बंशीधर नगर : सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की ओर से नेशनल वाईड मेगा एग्री क्रेडिट आउटरीच प्रोग्राम के तहत शुक्रवार को यहां पाल्हे कला में स्थित श्री आशुतोष महादेव मंदिर के प्रांगण में ऋण वितरण शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के विभिन्न शाखाओं की ओर से कुल 153 लाभुकों के बीच 3 करोड़ 64 लाख रुपये के ऋण का स्वीकृति पत्र वितरित किया गया।
उस मौके पर सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के रांची क्षेत्र के मुख्य प्रबंधक बलराम सिंह ने कहा कि बैंक का उद्देश्य किसानों एवं जरूरतमंद लाभुकों को वित्तीय सहायता उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। कृषि क्षेत्र को मजबूत करने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति देने में बैंक ऋण की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने लाभुकों से बैंक की विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाने तथा ऋण का सदुपयोग करने की अपील की। जेएसएलपीएस के ब्लॉक प्रोग्राम मैनेजर अविनाश शुक्ल ने कहा कि शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को आर्थिक सुविधा उपलब्ध कराना बैंक का मुख्य उद्देश्य हैं।
उन्होंने कहा कि किसानों एवं समूह की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिये सरकार की ओर से कई योजनाएं संचालित की जा रही है। उन्होंने उपस्थित लोगों से बैंक से ऋण लेकर उसका सही तरीके से सदुपयोग करने की अपील की। वार्ड नंबर 17 के वार्ड पार्षद ओमप्रकाश चौबे ने कहा कि गांव की खुशहाली रोजगार एवं आत्मनिर्भरता से है। उन्होंने कहा कि बैंक लाभुकों को सुविधा देने के लिये बैंक आपके घर पहुंच रही है। सभी लोग बैंक से लोन लेकर आत्मनिर्भर बन सकते हैं।
शिविर में सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया पाल्हे कला शाखा के शाखा प्रबंधक सतीश कुमार राणा, पुरैनी के देवाशीष मुर्मू, सगमा के रवि कुमार, गढ़वा रोड शाखा के संतोष कुमार, चंद्री शाखा के गोवर्धन मुंडा, एग्रीकल्चर फाईनेंस ऑफिसर अम्बर कुमार मंडल, विदुषी कुमारी एवं सौभिक नायक ने भी लाभुकों को सरकार की विभिन्न योजनाओं और बैंकिंग सुविधाओं की जानकारी दी।
साथ ही लोगों से योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। शिविर में पाल्हे कला के 13, पुरैनी के 23, सगमा के 21, गढ़वा के 20, गढ़वा रोड के 50 एवं चन्द्री शाखा के 25 लाभुकों के बीच ऋण स्वीकृति पत्र वितरित किया गया। इसके पूर्व बैंक की ओर से अतिथियों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में अंकित कुमार चौबे, बाबूलाल दुबे सहित बड़ी संख्या में लाभुक मौजूद थे।
