अर्नब चक्रवात की मार से किसान बेहाल, स्थानीय बाजार में औने-पौने दाम पर धान बेचने को हुए मजबूर। Badgad

अर्नब चक्रवात की मार से किसान बेहाल, स्थानीय बाजार में औने-पौने दाम पर धान बेचने को हुए मजबूर।
बड़गड़ से संजय गुप्ता की रिपोर्ट।
बड़गड़ (गढ़वा) अर्नब चक्रवात के प्रभाव से हुई बे मौसम बारिश ने बड़गड़ प्रखंड के किसानों की धान की फसल को काफी नुकसान पहुंचाया है। पहले मौसम की मार और अब स्थानीय बाजार में धान की उचित कीमत नहीं मिलने से किसान दोहरी परेशानी झेलने को मजबूर है। जानकारी के अनुसार स्थानीय छोटे बड़े व्यापारी किसानों से मात्र 1800 से 1900 प्रति क्विंटल कि दर से धान खरीद रहे हैं।
 वहीं बड़गड़ प्रखंड से लगे छत्तीसगढ़ राज्य में व्यापारियों द्वारा धान की खरीद बिक्री लगभग 2300 रु प्रति क्विंटल की दर से किए जाने की बात सामने आ रही है। दोनों राज्यों के बाजार भाव में भारी अंतर होने से किसानों में नाराजगी है। स्थानीय स्तर पर धान की खरीदारी कर झारखंड-छत्तीसगढ़ सीमा पर स्थित मुटकी गांव में कथित रूप से अवैध खरीद बिक्री का कारोबार संचालित होने की भी चर्चा है। ऐसे में सरकारी निगरानी और धान के व्यापारी की पारदर्शिता पर सवाल उठ रहे हैं । स्थानीय किसानों ने अपनी परेशानी बताते हुए कहा कि बे मौसम बारिश के कारण इस वर्ष धान की फसल को काफी नुकसान हुआ है ऐसे में जो फसल बची है उसे भी कम कीमत पर बेचने की मजबूरी है। किसानों को आशंका है कि यदि आगे चलकर धान की कीमत और गिर गई तो उन्हें और अधिक नुकसान उठाना पड़ेगा। किसानों ने बताया कि रबी फसल की तैयारी के लिए भी उनके पास पर्याप्त पैसा नहीं है। खाद और बीज खरीदने के लिए उन्हें बाजार से उधार लेना पड़ रहा है। ऐसे में धान की उचित कीमत नहीं मिलने से उनकी आर्थिक स्थिति और खराब होती जा रही है। किसानों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से धान की उचित कीमत सुनिश्चित करने,सरकारी खरीद व्यवस्था शुरू करने तथा सीमावर्ती क्षेत्रों में हो रही धान की खरीद बिक्री की जांच कर कार्रवाई की मांग की है। ताकि किसानों को उनकी मेहनत का सही मूल्य मिल सके।

Latest News

केसरवानी वैश्य सभा गढ़वा ने छठ व्रतियों के बीच 1000 नारियल एवं सूप तथा पान का किया वितरण।Garhwa