51 बेटियों के सामूहिक विवाह को लेकर जानकी सामूहिक विवाह फाउंडेशन ने लोटो गांव में चलाया जागरूकता अभियान
गढ़वा। आगामी फरवरी 2027 में 51 बहन-बेटियों के सामूहिक विवाह कार्यक्रम को सफल बनाने के उद्देश्य से जानकी सामूहिक विवाह फाउंडेशन की टीम लगातार जागरूकता अभियान चला रही है। इसी क्रम में आज फाउंडेशन की टीम गढ़वा प्रखंड के लोटो गांव पहुंची, जहां ग्रामीणों के बीच जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को इस सामाजिक एवं पुनीत पहल से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया।
अभियान के दौरान ग्रामीणों को दहेज प्रथा, कन्या भ्रूण हत्या और बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों के दुष्परिणामों के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही गरीब एवं असहाय परिवारों को सामूहिक विवाह के महत्व से अवगत कराते हुए बताया गया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों की बेटियों का सम्मानपूर्वक विवाह संपन्न कराना और समाज में दहेज मुक्त विवाह को बढ़ावा देना है।
फाउंडेशन के सदस्यों ने ग्रामीणों से अपील की कि वे इस नेक अभियान में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें और समाज से दहेज जैसी कुप्रथा को समाप्त करने में सहयोग करें।
इस अवसर पर गांव के गणमान्य लोगों में रामनाथ राम, किरण देवी, विजय राम सहित काफी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
वहीं फाउंडेशन की ओर से सचिव रितेश तिवारी उर्फ महाकाल तिवारी, कोषाध्यक्ष राजीव कुमार चौबे, जय शंकर दुबे, महिला मंडल अध्यक्ष सोनी देवी एवं सुशांति जी सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
फाउंडेशन का संकल्प है कि बेटियों को सम्मान मिले, समाज दहेज मुक्त बने और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों का विवाह सम्मानपूर्वक संपन्न हो। फरवरी 2027 में आयोजित होने वाले 51 बेटियों के सामूहिक विवाह कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए संस्था द्वारा लगातार जनसंपर्क एवं जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
