डूमरसोता में 12 से होगा शिव शक्ति रुद्र महायज्ञ Kandi

फोटो कैप्शन : डूमरसोता स्थित श्री अड़ंगा बाबा धाम में सोमवार को पूजन-आरती करते श्रद्धालु एवं आयोजन समिति के सदस्य।
डूमरसोता में 12 से होगा शिव शक्ति रुद्र महायज्ञ
कांडी/प्रतिनिधि। प्रखंड अंतर्गत डूमरसोता गांव स्थित श्री अड़ंगा बाबा धाम में 12 से 21 नवंबर तक श्री शिव शक्ति रुद्र महायज्ञ सह श्री शिव महापुराण कथा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। दस दिवसीय इस धार्मिक अनुष्ठान को लेकर आयोजन समिति एवं ग्रामीणों की ओर से तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। महोत्सव को भव्य स्वरूप देने के लिए ग्रामीणों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।
आयोजन के दौरान श्रीधाम वृंदावन से पधार रहे परम पूज्य पंडित कुंज बिहारी जी महाराज के श्रीमुख से श्रद्धालुओं को श्री शिव महापुराण कथा का श्रवण कराया जाएगा। कथा प्रतिदिन दोपहर तीन बजे से शाम छह बजे तक आयोजित होगी। वहीं, 12 नवंबर को सुबह 10 बजे भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी। 21 नवंबर को महायज्ञ की पूर्णाहुति के साथ भंडारे का आयोजन किया जाएगा।
इसी धार्मिक आयोजन की तैयारियों एवं जनसहभागिता के क्रम में सोमवार को श्री अड़ंगा बाबा धाम परिसर में सैकड़ों की संख्या में ग्रामीणों एवं श्रद्धालुओं ने पहुंचकर विधिवत पूजन-अर्चन और आरती की। इसके बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण किया गया। साथ ही उपस्थित लोगों को गमछा देकर सम्मानित किया गया। पूरे कार्यक्रम के दौरान भक्तिमय वातावरण बना रहा।
आयोजन समिति के अध्यक्ष सुखदेव प्रसाद एवं सचिव सच्चिदानंद दुबे ने क्षेत्र के समस्त श्रद्धालुओं, धर्मप्रेमियों एवं ग्रामीणों से महोत्सव में सपरिवार शामिल होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजन समाज में आध्यात्मिक चेतना जागृत करने के साथ आपसी प्रेम, सद्भाव और भाईचारे को मजबूत करते हैं। यह महोत्सव धार्मिक आस्था के साथ क्षेत्र की सांस्कृतिक परंपराओं एवं सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने का भी माध्यम बनेगा।
आयोजन समिति में अध्यक्ष सुखदेव प्रसाद, सचिव सच्चिदानंद दुबे, उपसचिव प्रकाश मेहता, कोषाध्यक्ष सुरेश चंद्र मिश्रा, उपकोषाध्यक्ष रवि मिश्रा, संरक्षक लक्ष्मण राम, रवि मेहता एवं शशांक शेखर तथा सदस्य राहुल तिवारी शामिल हैं। आयोजन को सफल बनाने में समस्त ग्रामवासी, क्षेत्रवासी एवं श्रद्धालु भक्तगण जुटे हुए हैं।

Latest News

डूमरसोता में 12 से होगा शिव शक्ति रुद्र महायज्ञ Kandi