सगमा प्रखंड के विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों में पहुंचे मानवेंद्र प्रताप देव उर्फ मोनू बाबा, मां दुर्गा का लिया आशीर्वाद
पूजा समितियों को दिया सहयोग राशि, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में दशहरा मनाने की अपील
रामानन्द प्रजापति
सगमा (गढ़वा): 81-भवनाथपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक अनंत प्रताप देव के पुत्र मानवेंद्र प्रताप देव उर्फ मोनू बाबा ने सगमा प्रखंड के विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों का भ्रमण कर मां दुर्गा का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान उन्होंने पूजा समितियों के सदस्यों एवं स्थानीय लोगों से मुलाकात कर दुर्गा पूजा की तैयारियों और आयोजन के संबंध में जानकारी ली। भ्रमण के दौरान मोनू बाबा ने अपने स्तर से विभिन्न दुर्गा पूजा समितियों को सहयोग राशि प्रदान कर पूजा आयोजन में अपना योगदान दिया। उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा आस्था, भक्ति, एकता और आपसी भाईचारे का महापर्व है। यह पर्व समाज में प्रेम, सद्भाव और सकारात्मक ऊर्जा का संदेश देता है। उन्होंने सभी पूजा समितियों एवं क्षेत्रवासियों से अपील की कि दुर्गा पूजा और दशहरा का पर्व शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं उत्साह के साथ मनाएं। पर्व के दौरान आपसी भाईचारा बनाए रखें तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, ताकि सभी लोग मिल-जुलकर इस पावन पर्व का आनंद उठा सकें। इस अवसर पर मोनू बाबा ने दुर्गा पूजा समितियों के पदाधिकारियों, सदस्यों एवं समस्त क्षेत्रवासियों को दशहरा पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि “हम आपके सुख-दुख में हमेशा आपके साथ खड़े रहने और हर संभव सहयोग करने के लिए तत्पर हैं।” उनके इस दौरे को लेकर पूजा समितियों के सदस्यों एवं स्थानीय लोगों में उत्साह देखा गया।
इस दौरान लोगों ने भी उन्हें दुर्गा पूजा एवं दशहरा की शुभकामनाएं दीं। मौके पर मुक्तेश्वर पांडे, प्रदीप सिंह, बबलू पांडे, मदन सिंह सहित दुर्गा पूजा समिति के पदाधिकारी एवं सदस्यों सहित समस्त ग्रामवासी उपस्थित थे।
