रिर्पोट धीरेन्द्र उर्फ गुडडू पाण्डेय की
शारदीय दुर्गा पूजा को लेकर पिपराटांड़ में निकला फ्लैग मार्च, सदर एसडीएम ने पूजा पंडालों का किया निरीक्षण
*लोहरसी, बहेरा, सिरम, पगार और हरखुवा समेत कई गांवों में पहुंचा फ्लैग मार्च, शांति और सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा*
पांकी (पलामू)। शारदीय दुर्गा पूजा के मद्देनजर क्षेत्र में शांति, सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में सदर एसडीएम संजय कुमार पांडे पिपराटांड़ थाना पहुंचे, जहां से पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च के माध्यम से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया और लोगों को शांतिपूर्ण माहौल में दुर्गा पूजा मनाने का संदेश दिया गया।पिपराटांड़ थाना से निकला फ्लैग मार्च लोहरसी, बहेरा, सिरम, पगार, हरखुवा समेत क्षेत्र के कई गांवों एवं प्रमुख स्थानों तक पहुंचा। इस दौरान अधिकारियों ने विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों का निरीक्षण किया और वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। सदर एसडीएम संजय कुमार पांडे ने पूजा पंडालों में पहुंचकर मां दुर्गा का आशीर्वाद प्राप्त किया तथा श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान पूजा समितियों को श्रद्धालुओं की सुविधा का ध्यान रखने और पूजा के दौरान आवश्यक व्यवस्था बनाए रखने पर जोर दिया गया। प्रशासन का उद्देश्य दुर्गा पूजा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था को रोकना, श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना और पूरे क्षेत्र में सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखना है। इस अवसर पर सदर एसडीएम संजय कुमार पांडे ने कहा, “दुर्गा पूजा के दौरान शांति, सुरक्षा और विधि-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। सभी पूजा समिति प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करें और श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें। आम नागरिक भी प्रशासन का सहयोग करें, ताकि त्योहार शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके। फ्लैग मार्च में पिपराटांड़ थाना प्रभारी निलेश कुमार, पांकी अंचलाधिकारी मारवाड़ी साहू, पांकी इंस्पेक्टर जीतराम महली, एसआई बाबूलाल दुबे, एएसआई ओमप्रकाश बैठा, हमीद हेंब्रम, नीलांबर गोप सहित पुलिस के जवान मौजूद रहे। प्रशासनिक अधिकारियों ने क्षेत्र में भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। फ्लैग मार्च के माध्यम से लोगों में सुरक्षा का भरोसा कायम करने और शांतिपूर्ण तरीके से दुर्गा पूजा मनाने का संदेश दिया गया।
