फोटो कैप्शन : फाइल फोटो सरिता देवी।
महुली मोड़ चरमुहान के पास हादसे में पति गंभीर रूप से घायल, होश आने पर पत्नी को खोजते रहे; सदर अस्पताल में चिकित्सकों ने किया मृत घोषित
कांडी (गढ़वा)। कांडी थाना क्षेत्र अंतर्गत पतरिया पंचायत के जतरो गांव निवासी एक दंपती की खुशहाल जिंदगी शुक्रवार को सड़क हादसे ने उजाड़ दी। महुली मोड़ चरमुहान के पास मुर्गियों से लदे पिकअप वाहन की टक्कर से सरिता देवी (40 वर्ष) की मौत हो गई, जबकि उनके पति बसंत पासवान (45 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना भीषण था कि टक्कर के बाद सरिता देवी सड़क से करीब 20 फीट दूर पानी से भरी नहर में जा गिरीं। दुर्घटना के बाद होश आने पर घायल पति अपनी पत्नी को खोजते रहे। बाद में राहगीरों की मदद से दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां गढ़वा सदर अस्पताल में चिकित्सकों ने सरिता देवी को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल बसंत पासवान का इलाज जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सरिता देवी अपने पति बसंत पासवान के साथ लूना गाड़ी से अपनी बहन के घर से वापस जतरो गांव लौट रही थीं। इसी दौरान महुली मोड़ चरमुहान के पास उनकी गाड़ी की मुर्गियों से लदे पिकअप वाहन से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के कारण दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं, सरिता देवी उछलकर सड़क से लगभग 20 फीट दूर तीन फीट गहरे पानी से भरी नहर में जा गिरीं। हादसे के बाद जब बसंत पासवान को होश आया, तो उन्होंने आसपास मौजूद राहगीरों से अपनी पत्नी के बारे में पूछा। उन्होंने बताया कि पत्नी भी उनके साथ थीं, लेकिन कहीं दिखाई नहीं दे रही हैं। इसके बाद राहगीरों ने खोजबीन शुरू की, तो सरिता देवी नहर के पानी में मिलीं। राहगीरों ने घायल बसंत पासवान के मोबाइल से गांव में संपर्क कर घटना की जानकारी दी। इसके बाद बोलेरो वाहन मंगवाया गया। सूचना मिलने पर दंपती के दोनों बेटे जयकिशन और भीम कुमार घटनास्थल पर पहुंचे तथा आनन-फानन में अपने घायल माता-पिता को रेफरल अस्पताल मझिआंव ले गए। वहां चिकित्सकों ने दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए गढ़वा सदर अस्पताल रेफर कर दिया। सदर अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने सरिता देवी को मृत घोषित कर दिया, जबकि बसंत पासवान का इलाज जारी है।
घटना में शामिल मुर्गियों से लदा पिकअप वाहन फिलहाल पकड़ा नहीं जा सका है। इस संबंध में कांडी थाना प्रभारी ऋषिकेश सिंह से फोन पर पूछे जाने पर उन्होंने बताया कि उन्हें घटना की सूचना शाम में मिली है। उन्होंने परिजनों से आवेदन देने को कहा है। आवेदन मिलने के बाद उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस दर्दनाक हादसे से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और जतरो गांव में शोक का माहौल है।
