घायल रमेश राम की मदद के लिए आगे आई जानकी सामूहिक विवाह फाउंडेशन की टीम, सदर अस्पताल पहुंचकर इलाज में की सहयोग
गढ़वा। मानव सेवा और सामाजिक सरोकार की मिसाल पेश करते हुए जानकी सामूहिक विवाह फाउंडेशन की टीम ने सड़क दुर्घटना में घायल एक जरूरतमंद व्यक्ति की मदद के लिए हाथ बढ़ाया है। फाउंडेशन की इस पहल से एक बार फिर समाज के प्रति उसकी जिम्मेदारी और सेवा भावना देखने को मिली।
जानकारी के अनुसार, रमना प्रखंड के बहियार गांव निवासी रमेश राम की परसवान गांव में बाइक दुर्घटना हो गई। उनकी आर्थिक स्थिति काफी दयनीय बताई जा रही है। दुर्घटना में उनके हाथ और पैर में गंभीर चोटें आई हैं तथा हड्डियां टूट गई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें रमना अस्पताल से बेहतर इलाज के लिए गढ़वा सदर अस्पताल रेफर किया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही जानकी सामूहिक विवाह फाउंडेशन की टीम गढ़वा सदर अस्पताल पहुंची और घायल रमेश राम के इलाज की व्यवस्था शुरू कराने में सहयोग किया। टीम ने इस कठिन परिस्थिति में पीड़ित और उनके परिजनों को हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।
इस मौके पर फाउंडेशन के सचिव रितेश कुमार तिवारी उर्फ महाकाल तिवारी ने कहा कि ऐसे कठिन समय में फाउंडेशन की पूरी टीम घायल रमेश राम के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि फाउंडेशन का उद्देश्य केवल 51 बहन-बेटियों का सामूहिक विवाह कराना ही नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक जरूरतमंद, असहाय और पीड़ित व्यक्ति की सहायता करना भी है।
उन्होंने कहा कि हमारा संकल्प है कि कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति मदद से वंचित न रहे। मानव सेवा ही सच्ची समाज सेवा है और इसी भावना के साथ फाउंडेशन लगातार सामाजिक कार्यों में अपनी भागीदारी निभाता रहेगा।
फाउंडेशन की इस मानवीय पहल की सराहना की जा रही है।
