बड़गड़ में दशहरा का त्योहार हर्षोल्लास के साथ हुआ संपन्न। Badgad

बड़गड़ में दशहरा का त्योहार हर्षोल्लास के साथ हुआ संपन्न।
बड़गड़ से संजय गुप्ता की रिपोर्ट।
बड़गड़ (गढ़वा) - प्रखंड मुख्यालय सहित पूरे प्रखंड क्षेत्र में  दुर्गा पूजा महोत्सव का समापन बुधवार को मां दुर्गा की प्रतिमा के विसर्जन के साथ धूमधाम से संपन्न हुआ। इस दौरान पूरा क्षेत्र मां दुर्गा के जयकारों, भक्ति गीतों और धार्मिक नारों से गुंजायमान रहा। श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के बीच श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा को नम आंखों से विदाई दी। पूरे पूजा महोत्सव के दौरान क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना रहा। वहीं प्रशासन एवं पुलिस की मुस्तैदी के बीच सभी कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुए।
बड़गड़ प्रखंड मुख्यालय स्थित दुर्गा मंदिर प्रांगण में पूजा समिति की ओर से आयोजित महोत्सव के तहत विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। महाष्टमी के अवसर पर संधि पूजा एवं दीपदान का आयोजन हुआ। वहीं, महानवमी को विधि-विधान के साथ हवन, बलि पूजन एवं महाभंडारे का आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर माता रानी की पूजा-अर्चना की और परिवार एवं क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की‌।
रामलीला मैदान में हुआ रावण दहन

विजयादशमी के अवसर पर मंगलवार को बड़गड़ में आकर्षक धार्मिक शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में भगवान श्रीराम, माता जानकी एवं भाई लक्ष्मण वनवासी वेशभूषा में सुसज्जित रथ पर सवार होकर निकले। इस दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। रथ पर सवार भगवान श्रीराम, माता जानकी एवं लक्ष्मण की झांकी लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी रही।

शोभायात्रा के दौरान रामलीला मैदान में भगवान श्रीराम के हाथों रावण दहन का कार्यक्रम संपन्न हुआ। रावण दहन के साथ ही बुराई पर अच्छाई, असत्य पर सत्य और अधर्म पर धर्म की विजय का संदेश दिया गया। इस मौके पर उपस्थित लोगों ने भगवान श्रीराम के आदर्शों को अपनाने तथा समाज में आपसी प्रेम, भाईचारा एवं सद्भाव बनाए रखने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में बतौर अतिथि अंचल पदाधिकारी राकेश भूषण सिंह, प्रखंड विकास पदाधिकारी राजीव कुमार, थाना प्रभारी राजेश कुमार वर्मा, आयुष चिकित्सक डॉ. प्रभात कुमार तथा पूजा समिति के अध्यक्ष सुमेश सोनी सहित अन्य पदाधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे। अतिथियों ने रथ पर सवार भगवान श्रीराम, माता जानकी एवं भाई लक्ष्मण की सामूहिक रूप से आरती उतारी और क्षेत्र की सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की।

भव्य शोभायात्रा के साथ मां दुर्गा को दी गई विदाई

बुधवार को मां दुर्गा की प्रतिमा विसर्जन को लेकर पूजा पंडाल से भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। मां दुर्गा के जयकारों और भक्ति गीतों के बीच श्रद्धालु पूरे उत्साह एवं श्रद्धा के साथ आगे बढ़ते रहे‌। शोभायात्रा बड़गड़ पूजा पंडाल से प्रारंभ होकर गोठानी, कालाखजुरी, टेंगारी एवं महुआटीकर गांवों का भ्रमण करते हुए उगरा स्थित कनहर नदी पहुंची।
इस दौरान रास्ते में जगह-जगह श्रद्धालुओं  ने मां दुर्गा के दर्शन किए और पूजा-अर्चना की। शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालुओं के बीच विशेष उत्साह देखने को मिला। कनहर नदी तट पर विधिवत पूजन-अनुष्ठान एवं आरती के बाद मां दुर्गा की प्रतिमा का विसर्जन किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने अगले वर्ष मां दुर्गा के पुनः आगमन की कामना करते हुए उन्हें भावपूर्ण विदाई दी।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन रहा मुस्तैद

दुर्गा पूजा महोत्सव एवं प्रतिमा विसर्जन के दौरान शांति-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। शोभायात्रा के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे तथा विभिन्न स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती की गई थी। पूरी शोभायात्रा के दौरान पुलिसकर्मी सतर्क रहे। सुरक्षा व्यवस्था का नेतृत्व बड़गड़ थाना प्रभारी राजेश कुमार वर्मा ने किया। प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों की सक्रियता के कारण पूजा महोत्सव और प्रतिमा विसर्जन का कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों से भक्तिमय बना रहा क्षेत्र

पूजा समारोह के दौरान प्रखंड मुख्यालय स्थित रामलीला मैदान में पूजा समिति बड़गड़ की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया गया। इसके अलावा विभिन्न पूजन-अनुष्ठानों एवं धार्मिक कार्यक्रमों के कारण पूरे प्रखंड क्षेत्र में भक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा। श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर कार्यक्रमों में भाग लिया। दुर्गा पूजा महोत्सव के सफल आयोजन में पूजा समिति के सदस्यों एवं स्थानीय लोगों की सक्रिय भागीदारी रही। मां दुर्गा की प्रतिमा के विसर्जन के साथ ही इस वर्ष के दुर्गा पूजा महोत्सव का विधिवत समापन हो गया।

Latest News

पदमा देवी मंडप के प्रांगण में नवरात्र के शुभ अवसर पर भव्य झांकी का आयोजन। Palamu