झुनका में अवैध महुआ शराब निर्माण के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई
करीब 40 किलो जावा महुआ एवं शराब निर्माण सामग्री नष्ट, अवैध कारोबारियों में मचा हड़कंप
धुरकी। धुरकी थाना क्षेत्र अंतर्गत झुनका गांव में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर अवैध महुआ शराब निर्माण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए करीब 40 किलो जावा महुआ को नष्ट कर दिया। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब निर्माण एवं कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, पुलिस को झुनका गांव में अवैध रूप से महुआ शराब बनाने की सूचना मिली थी। सूचना के सत्यापन के बाद थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। इस दौरान शराब निर्माण के लिए तैयार किए गए करीब 40 किलो जावा महुआ के साथ-साथ शराब निर्माण में प्रयुक्त अन्य सामग्री को भी मौके पर ही नष्ट किया गया। वहीं थाना प्रभारी जनार्दन राउत ने बताया कि क्षेत्र में अवैध शराब निर्माण एवं बिक्री के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा तथा सूचना मिलने पर आगे भी इसी तरह कार्रवाई की जाएगी।
