भाजपा किसान मोर्चा अध्यक्ष रामलाल दुबे, भाजपा मंडल अध्यक्ष शशि रंजन दुबे, सदस्य भरत मेहता समेत अन्य लोगों ने थाना प्रभारी को पुष्पगुच्छ भेंट करने के साथ भगवा गमछा ओढ़ाकर सम्मानित किया। इस दौरान थाना प्रभारी ऋषिकेश कुमार सिंह ने भी सभी का स्वागत करते हुए मिठाई खिलाई और क्षेत्र में शांति, सौहार्द एवं आपसी सामंजस्य बनाए रखने में सहयोग की अपील की। प्रभार ग्रहण करने के बाद जिस सहजता से ऋषिकेश सिंह आम लोगों से संवाद कर रहे हैं और क्षेत्र की समस्याओं को सुनकर व्यवस्था सुधारने पर जोर दे रहे हैं, उसे लेकर उनकी कार्यशैली की चर्चा होने लगी है। मुलाकात के दौरान कांडी क्षेत्र की कानून-व्यवस्था, बाजार की यातायात व्यवस्था, अतिक्रमण, खुले में मांस बिक्री तथा नाबालिगों के वाहन चलाने समेत कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से बातचीत हुई। भाजपा किसान मोर्चा अध्यक्ष रामलाल दुबे ने कांडी बाजार, पतीला एवं अन्य स्थानों पर खुले में मांस बिक्री किए जाने का मुद्दा उठाते हुए आवश्यक रोक लगाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि मांस की बिक्री खुले में न कर पर्दे अथवा निर्धारित स्थान के भीतर व्यवस्थित तरीके से कराई जाए, ताकि आम लोगों को परेशानी न हो और धार्मिक पर्व-त्योहारों के दौरान भी लोगों की भावनाओं का ध्यान रखा जा सके। वहीं बाजार में बढ़ती भीड़ को देखते हुए ऑटो चालकों के लिए निर्धारित स्थान सुनिश्चित करने तथा बस स्टैंड में खड़ी होने वाली बसों को बाजार के मुख्य हिस्से में नहीं खड़ा कराने की बात कही गई। इस पर थाना प्रभारी ने यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित रखने में सहयोग का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि बाजार को जाम एवं अतिक्रमण से मुक्त रखने के लिए वाहन चालकों, दुकानदारों और आम नागरिकों को भी जिम्मेदारी निभानी होगी। थाना प्रभारी ने अभिभावकों से विशेष अपील करते हुए कहा कि कम उम्र के बच्चों को मोटरसाइकिल अथवा अन्य वाहन चलाने के लिए नहीं दें। नाबालिगों के वाहन चलाने से दुर्घटना का खतरा बना रहता है, इसलिए अभिभावक इस मामले में विशेष सावधानी बरतें। बातचीत के दौरान थाना प्रभारी की सक्रियता, सहज व्यवहार और समस्याओं को गंभीरता से सुनने की पहल की मौजूद भाजपा नेताओं ने सराहना की। मौके पर मौजूद भाजपा नेताओं एवं अन्य लोगों ने थाना प्रभारी को क्षेत्र में बेहतर पुलिसिंग के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
