लोलकी यात्री शेड की धुरकी पुलिस ने की साफ-सफाई, यात्रियों को मिलेगी राहत Sagma

लोलकी यात्री शेड की धुरकी पुलिस ने की साफ-सफाई, यात्रियों को मिलेगी राहत
रामानन्द प्रजापति 

सगमा : धुरकी थाना क्षेत्र अंतर्गत लोलकी में लंबे समय से गंदगी एवं झाड़ियों से घिरे यात्री शेड की स्थिति को देखते हुए धुरकी पुलिसकर्मियों ने साफ-सफाई अभियान चलाया। यात्री शेड के आसपास झाड़ियां उग जाने और गंदगी के कारण यात्रियों को धूप एवं बारिश के समय काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। पुलिसकर्मियों द्वारा चलाए गए इस सफाई अभियान में आसपास के स्थानीय लोग भी प्रेरित होकर शामिल हुए और स्वच्छता अभियान में अपना सहयोग दिया। पुलिस एवं ग्रामीणों की संयुक्त पहल से यात्री शेड और उसके आसपास का क्षेत्र साफ एवं व्यवस्थित किया गया। इस अवसर पर थाना प्रभारी जनार्दन राउत के नेतृत्व में पुलिसकर्मियों ने स्वच्छता एवं जनसेवा का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखना केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सामूहिक जिम्मेदारी है। धुरकी पुलिस की इस पहल का उद्देश्य आम लोगों को अपने आसपास के क्षेत्रों, सार्वजनिक स्थलों एवं रास्तों को स्वच्छ रखने के लिए प्रेरित करना है। पुलिस की इस पहल से स्थानीय लोगों में भी स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ी और लोगों ने आगे भी सार्वजनिक स्थानों की साफ-सफाई में सहयोग करने की बात कही। 
स्थानीय लोगों ने धुरकी पुलिस की इस पहल को सकारात्मक और सराहनीय कदम बताते हुए कहा कि ऐसे प्रयासों से समाज में स्वच्छता, जनसेवा और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना मजबूत होती है। धुरकी पुलिस ने लोगों से अपील की कि वे स्वच्छता को अपनी दैनिक जिम्मेदारी का हिस्सा बनाएं और मिलकर क्षेत्र को स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ बनाने में अपना योगदान दें।

Latest News

पर्यावरण हितैषी सामग्रियों से ही बनें पूजा की प्रतिमाएं : नीरज श्रीधर Garhwa