धूमधाम से मना श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व, पहली बार मटकी फोड़ लीला में बच्चों ने लिया हिस्सा
साकेत मिश्रा की रिर्पोट
हरिहरपुर। ओपी क्षेत्र में शुक्रवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर भगवान श्रीकृष्ण की प्रतिमा स्थापित कर विधिवत पूजा-अर्चना की गई। मंदिरों और पूजा स्थलों पर दिनभर श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही। ओपी क्षेत्र के मझिगवां पंचायत में मध्य रात्रि भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के समय पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की। जन्मोत्सव के दौरान पूरा माहौल भक्तिमय बना रहा।
वहीं शनिवार को भगवान श्रीकृष्ण की प्रतिमा का नगर भ्रमण कराया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने भक्ति गीतों और जयकारों के साथ भगवान श्रीकृष्ण का स्वागत किया। जगह-जगह आयोजित मटकी फोड़ लीला में बच्चों की टोलियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बच्चों ने मानव पिरामिड बनाकर मटकी फोड़ने का प्रयास किया, पहली बार मटकी फोड़ लीला के आयोजन से ग्रामीणों में एक अलग ही उत्साह दिखा। लीला को देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण जुटे।
नगर भ्रमण के बाद विधि-विधान से भगवान श्रीकृष्ण की प्रतिमा का विसर्जन किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में कमिटी के सदस्य जितेंद्र चौबे, सचिन यादव, अजीत यादव, ऋषि शर्मा, चंदन शर्मा, सत्यप्रकाश चौबे, मंजेश यादव, रंजीत शर्मा, मिथुन कुमार और पवन यादव का अहम योगदान रहा।
