ट्रक में लोड कर ले जाए जा रहे 21 भैंस बरामद, जिसमें चार भैंस की मौत,चालक गिरफ्तार भेजा गया जेल
सगमा : धुरकी पुलिस ने अवैध तरीके से मवेशियों की तस्करी किए जाने के आरोप में कार्रवाई करते हुए एक ट्रक से 21 मवेशियों को बरामद किया है। ट्रक में भैंस लदे हुए थे इनमें चार भैंसों की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने इस मामले में ट्रक चालक समेत एक और आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में शुक्रवार को भेज दिया है। वहीं, वाहन मालिक के विरुद्ध भी प्राथमिकी दर्ज की गई है। थाना प्रभारी जनार्दन राउत ने बताया कि एएसआई सैयद जुबेर अहमद के लिखित आवेदन के आधार पर ट्रक संख्या यूपी 70 एटी 8773 में चोरी-छिपे भैंस एवं भैंसा समेत कुल 21 मवेशियों को निर्दयतापूर्वक बांधकर अवैध तरीके से ले जाने के आरोप में धुरकी थाना कांड संख्या 126/26, दर्ज किया गया है। मामले में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले के कोकराज थाना क्षेत्र अंतर्गत अब्दुल्लाहपुर, रोही निवासी नसीम अहमद उम्र (28 वर्ष), पिता स्वर्गीय रशीद अहमद, तथा बिहार के कैमूर जिले के भभुआ रोड, मोहनिया थाना क्षेत्र अंतर्गत बानोदी निवासी पप्पू कुरैशी (35 वर्ष), पिता स्वर्गीय गफ्फार कुरैशी के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। इस मामले में वाहन मालिक को भी आरोपी बनाया गया है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है। इधर, बरामद सभी पशुओं का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद उन्हें सुरक्षित थाना परिसर में रखा गया है। पुलिस की कार्रवाई के बाद अवैध पशु तस्करी के मामलों पर निगरानी और कार्रवाई को लेकर क्षेत्र में चर्चा तेज हो गई है। इधर थाना प्रभारी ने बताया कि इस पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है मवेशी कहां से लाया गया था उन्हें कहां ले जाया जा रहा था और इस तस्करी में कितने लोग शामिल थे। थाना प्रभारी ने बताया कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जायेगी।
