जायंट्स सेवा सप्ताह 17 से 23 सितंबर तक, कई कार्यक्रम होंगे आयोजित
पौधा वितरण, रक्त समूह जांच, अंगदान सेमिनार, वृक्षारोपण व डेंटल कैंप सहित होंगे कई कार्यक्रम
गढ़वा। भारतीय मूल की प्रथम अंतरराष्ट्रीय सेवा संस्था जायंट्स वेलफेयर फाउंडेशन के तत्वावधान में जायंट्स ग्रुप ऑफ गढ़वा द्वारा इस वर्ष 17 से 23 सितंबर तक जायंट्स सेवा सप्ताह मनाया जाएगा। सेवा सप्ताह के दौरान विभिन्न सामाजिक एवं जनहित से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसकी जानकारी ग्रुप के अध्यक्ष अशोक कुमार गुप्ता ने दी।
सेवा सप्ताह के सफल आयोजन को लेकर स्थानीय ज्ञान निकेतन कॉन्वेंट स्कूल में जायंट्स ग्रुप ऑफ गढ़वा की बैठक अध्यक्ष अशोक कुमार गुप्ता की अध्यक्षता में हुई। बैठक में सर्वसम्मति से वर्ष 2026 में 17 से 23 सितंबर तक सेवा सप्ताह आयोजित करने का निर्णय लिया गया। कार्यक्रमों की रूपरेखा भी तय की गई।
निर्धारित कार्यक्रम के तहत 17 सितंबर को गोविंद उच्च विद्यालय के बगल में गुप्ता इन्वेस्टमेंट के पास पौधा वितरण किया जाएगा। 18 सितंबर को बालिका उच्च विद्यालय, गढ़वा में ब्लड ग्रुप जांच शिविर लगाया जाएगा। 19 सितंबर को जीएन कॉन्वेंट स्कूल में अंगदान विषय पर सेमिनार आयोजित होगा। 20 सितंबर को नीलकंठ महादेव परिसर, बंडा पहाड़ में वृक्षारोपण कार्यक्रम होगा।
इसी क्रम में 21 सितंबर को घंटाघर चौक पर सड़क सुरक्षा जागरूकता कैंप लगाया जाएगा। 22 सितंबर को जेपीएस सेंट्रल स्कूल में डेंटल कैंप का आयोजन किया जाएगा। सेवा सप्ताह के अंतिम दिन 23 सितंबर को गढ़वा सदर अस्पताल में मरीजों के बीच फल, ब्रेड एवं बिस्कुट का वितरण किया जाएगा। वहीं सेवा सप्ताह का समापन समारोह 27 सितंबर की शाम स्थानीय जीएन कॉन्वेंट स्कूल में आयोजित किया जाएगा।
बैठक में फेडरेशन पदाधिकारी अजयकांत पाठक, विनोद कमलापुरी, विजय कुमार केसरी, अवधेश कुशवाहा, प्रशासनिक निदेशक अशोक विश्वकर्मा, वित्त निदेशक अजय कुमार केसरी सहित मनोज कुमार केसरी (रूपा गली), मदन प्रसाद केसरी, विनोद गुप्ता, मंदीप प्रसाद, उदय कुमार गुप्ता, दीपक तिवारी, सुनील कुमार अग्रवाल, रविंद्र केसरी, मनोज केसरी (पेंट), अशोक कुमार केसरी, रितेश कुमार केसरी, अरुण कुमार, ध्रुव केसरी, मनोज केसरी (पोस्ट ऑफिस), मुजीबुद्दीन खान, राकेश कुमार केसरी, दीपक केसरी आदि उपस्थित थे।
