SIR-2026 को लेकर कांडी में बड़ी बैठक, पंचायत प्रतिनिधियों को घर-घर जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश Kandi

SIR-2026 को लेकर कांडी में बड़ी बैठक, पंचायत प्रतिनिधियों को घर-घर जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश
साकेत मिश्रा की रिर्पोट 
कांडी (गढ़वा)। भारत निर्वाचन आयोग के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 अभियान को सफल बनाने के लिए मंगलवार को कांडी प्रखंड कार्यालय के सभागार में प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) राकेश सहाय की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी पंचायतों के मुखिया, पंचायत सचिव, पंचायत स्वयंसेवक, रोजगार सेवक, सहिया सहित विभिन्न विभागों के सैकड़ों कर्मी मौजूद रहे।
बैठक में बीडीओ राकेश सहाय ने स्पष्ट किया कि वर्ष 2003 की मतदाता सूची में जिन मतदाताओं का नाम दर्ज है, उन्हें किसी भी अतिरिक्त दस्तावेज की आवश्यकता नहीं होगी। इतना ही नहीं, उक्त प्रविष्टि उनके पुत्र-पुत्रियों के लिए भी अभिभावक प्रमाण के रूप में मान्य होगी।
उन्होंने बताया कि जिन लोगों का नाम वर्ष 2003 की मतदाता सूची में नहीं है और उनके माता-पिता का नाम भी उस सूची में दर्ज नहीं है, उन्हें निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित 11 मान्य दस्तावेजों में से किसी एक की स्व-सत्यापित प्रति आवेदन के साथ जमा करनी होगी।
बीडीओ ने सभी पंचायत प्रतिनिधियों को निर्देश दिया कि वे घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करें, पात्र मतदाताओं का समय पर सत्यापन कराएं तथा आवेदन भरने में सहयोग दें। बैठक में पोस्टर एवं प्रचार-प्रसार सामग्री के माध्यम से SIR-2026 अभियान की विस्तृत जानकारी भी दी गई। उन्होंने कहा कि अभियान को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पारदर्शी, त्रुटिरहित और समयबद्ध तरीके से पूरा करना सभी की जिम्मेदारी है।

Latest News

मेराल प्रखंड प्रमुख दीपमाला की शिकायत पर पति ललन राम गिरफ्तार Garhwa