सड़क पार कर पानी पीने की मजबूरी खत्म, कांडी मिडिल स्कूल में शुरू हुई बोरिंग
विधायक की अनुशंसा और प्रयास से विद्यालय परिसर में पहुंचा पेयजल का समाधान, अब बच्चों को नहीं जाना पड़ेगा हाई स्कूल
कांडी (गढ़वा)। कांडी मिडिल स्कूल के नौनिहालों को पेयजल के लिए सड़क पार कर हाई स्कूल जाने की मजबूरी अब खत्म होने जा रही है। बच्चों की इस गंभीर समस्या के समाधान की दिशा में विधायक की अनुशंसा एवं प्रयास से विद्यालय परिसर में बोरिंग का कार्य कराया गया है। बोरिंग होने के बाद अब मोटर एवं पानी की व्यवस्था शुरू किए जाने की तैयारी है।
बताया जाता है कि अब तक मिडिल स्कूल में पर्याप्त पेयजल की व्यवस्था नहीं होने के कारण बच्चों को पानी पीने के लिए सड़क पार कर हाई स्कूल परिसर की ओर जाना पड़ता था। व्यस्त सड़क पार करने के दौरान हमेशा दुर्घटना की आशंका बनी रहती थी। छोटे-छोटे बच्चों की सुरक्षा को लेकर यह स्थिति अभिभावकों और विद्यालय परिवार के लिए भी चिंता का विषय बनी हुई थी।
बच्चों की इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए समस्या के समाधान के लिए पहल की गई और विधायक की अनुशंसा के बाद विद्यालय परिसर में बोरिंग कराया गया। अब मोटर लगने और पानी की व्यवस्था चालू होने के बाद बच्चों को विद्यालय परिसर में ही पेयजल उपलब्ध हो सकेगा।
विद्यालय परिसर में बोरिंग होने से बच्चों को न केवल सड़क पार करने की परेशानी से निजात मिलेगी, बल्कि उनके लिए सुरक्षित पेयजल की सुविधा भी उपलब्ध होगी। इस पहल से विद्यालय के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और अभिभावकों में भी खुशी है।
बच्चों की सुरक्षा से जुड़ी इस समस्या का समाधान शिक्षा व्यवस्था के साथ-साथ उनके सुरक्षित भविष्य की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। स्थानीय स्तर पर लंबे समय से महसूस की जा रही पेयजल की समस्या के समाधान से विद्यालय में पढ़ने वाले बच्चों को सीधा लाभ मिलेगा।
