कांडी में देशभक्ति का भव्य नजारा: किशुन राज पब्लिक हाई स्कूल बलियारी में शान से लहराया तिरंगा, सैकड़ो लोगों ने दी राष्ट्र ध्वज को सलामी
कांडी (गढ़वा)। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर शनिवार को किशुन राज पब्लिक हाई स्कूल, बलियारी के परिसर में देशभक्ति, उत्साह और राष्ट्रीय गौरव से ओत-प्रोत भव्य समारोह का आयोजन किया गया। विद्यालय परिसर में सुबह 10:30 बजे ध्वजारोहण किया गया। मुख्य अतिथि प्रखंड प्रमुख सत्येंद्र कुमार पांडेय उर्फ पिंकू पांडेय, विशिष्ट अतिथि विद्यालय अध्यक्ष चंद्र प्रकाश दुबे एवं प्रधानाध्यापक राजू रंजन पाल ने संयुक्त रूप से राष्ट्रीय ध्वज फहराकर तिरंगे को सलामी दी।
तिरंगा फहराते ही पूरा विद्यालय परिसर ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के जयघोष से गूंज उठा। राष्ट्रगान के दौरान उपस्थित छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, अभिभावकों एवं ग्रामीणों ने पूरे सम्मान और अनुशासन के साथ राष्ट्रध्वज को सलामी दी। देखते ही देखते विद्यालय परिसर देशभक्ति के रंग में सराबोर हो गया।
समारोह में विद्यालय के छात्र-छात्राओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। प्रेरणा पांडेय, अदिति कुमारी एवं पारी तिवारी सहित कई प्रतिभागियों ने कार्यक्रम में सहभागिता कर समारोह की गरिमा बढ़ाई। बच्चों के उत्साह और ग्रामीणों की बड़ी संख्या में मौजूदगी ने स्वतंत्रता दिवस समारोह को यादगार बना दिया।
इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यालय परिवार के सदस्यों में उमेश मिश्रा, सिद्धेश्वर दुबे, महेंद्र मिश्रा, रमाकांत पांडेय, राजू रंजन पाल, कृष्णा राम, नागेंद्र प्रसाद, प्रकाश दुबे, अनीता वर्मा, सृष्टि प्रभात, रोजाना खातून, नगमा खातून, रोहिणी पांडेय, शिशु देवी, प्रिया कुमारी, सुनील दुबे एवं लवली प्रभात समेत अन्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, अभिभावकों और ग्रामीणों की उपस्थिति रही। सुबह से ही विद्यालय परिसर में उत्सव जैसा माहौल बना हुआ था। बच्चों के चेहरे पर उत्साह और ग्रामीणों में देशभक्ति का जज्बा साफ दिखाई दे रहा था।
मुख्य अतिथि प्रखंड प्रमुख सत्येंद्र कुमार पांडेय उर्फ पिंकू पांडेय ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारत की आजादी असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान का परिणाम है। उन्होंने कहा कि देश की नई पीढ़ी को स्वतंत्रता सेनानियों के आदर्शों से प्रेरणा लेकर शिक्षा, अनुशासन और मेहनत के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभानी चाहिए।
उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि देश का भविष्य युवाओं के हाथों में है। इसलिए छात्र-छात्राएं अपने लक्ष्य के प्रति ईमानदार रहें, अच्छी शिक्षा प्राप्त करें और समाज व देश के विकास में योगदान देने का संकल्प लें।
किशुन राज पब्लिक हाई स्कूल, बलियारी का यह भव्य स्वतंत्रता दिवस समारोह राष्ट्रप्रेम, एकता, अनुशासन और राष्ट्रीय गौरव का संदेश देते हुए संपन्न हुआ।
