कांडी (गढ़वा)। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कांडी प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत पतीला में शनिवार को देशभक्ति का माहौल देखने को मिला।
पंचायत भवन के प्रांगण में सुबह 10 बजे पंचायत के मुखिया सह मुखिया संघ के अध्यक्ष अमित दुबे ने पूरे सम्मान के साथ राष्ट्रीय ध्वज फहराया। ध्वजारोहण के बाद उपस्थित लोगों ने राष्ट्रगान गाकर तिरंगे को सलामी दी और देश की एकता, अखंडता एवं समृद्धि का संकल्प लिया।
इस अवसर पर मुखिया अमित दुबे ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज का दिन देश के वीर स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को याद करने का दिन है। उन्होंने कहा कि पंचायत के विकास में जनप्रतिनिधियों के साथ-साथ आम ग्रामीणों की सहभागिता भी बेहद जरूरी है। पतीला पंचायत को विकास के क्षेत्र में आगे ले जाने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा और पंचायत की समस्याओं को प्राथमिकता के साथ संबंधित अधिकारियों के समक्ष रखा जाएगा।
मुखिया अमित दुबे ने ग्रामीणों से आपसी भाईचारा बनाए रखने, सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने तथा पंचायत के विकास कार्यों में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि देश की तरक्की तभी संभव है, जब गांव मजबूत और आत्मनिर्भर होंगे।
ध्वजारोहण कार्यक्रम में उपमुखिया शंकर मेहता, बीडीसी मनोज पासवान, वार्ड सदस्य श्यामराज यादव, पिंटू बैठा, ममता देवी, बसंती देवी, जेएसएलपीएस की बसंती कुँवर एवं संगीता देवी, भाजपा मंडल अध्यक्ष शशिरंजन दुबे, भाजपा किसान मोर्चा कार्यसमिति सदस्य रामलाला दुबे, सेवानिवृत्त शिक्षक बैजनाथ पांडेय, सीताराम पासवान, रामबिरिक्ष गुरुजी, नागेश्वर साहू, अवध पासवान, परवेश मेहता, गोपाल साव, कांग्रेसी नेता गौरीशंकर दुबे, अभय दुबे, पंचायत ऑपरेटर सैयद अंसारी, पंचायत सेवक परवीन पांडेय, रोजगार सेवक भरत प्रसाद, ग्रामीण राजू चंद्रवंशी एवं राणा बैजनाथ सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान पूरे पंचायत भवन परिसर में देशभक्ति का माहौल बना रहा। ग्रामीणों ने तिरंगे को सलामी देते हुए भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयकारे लगाए। कार्यक्रम के सफल आयोजन में पंचायत प्रतिनिधियों एवं कर्मियों की सक्रिय भूमिका रही।
पतीला पंचायत में स्वतंत्रता दिवस का यह कार्यक्रम न केवल राष्ट्रीय पर्व की गरिमा का प्रतीक बना, बल्कि पंचायत स्तर पर एकजुटता, भाईचारे और विकास के संकल्प का भी संदेश देता नजर आया।
