कांडी में सड़क अतिक्रमण पर बवाल, उपप्रमुख ने खोला मोर्चा
150 घरों का आवागमन प्रभावित, एक सप्ताह में होगी सरकारी अमीन से मापी; अतिक्रमण मिला तो हटेगा कब्जा
कांडी (गढ़वा)। कांडी प्रखंड की चटनियां पंचायत स्थित सुगवादामर टोला में मुख्य सड़क पर कथित अतिक्रमण को लेकर मामला तूल पकड़ने लगा है। पंचायत समिति सदस्य सह कांडी प्रखंड उपप्रमुख नारायण यादव ने गुरुवार को बीडीओ सह सीओ राकेश सहाय को आवेदन सौंपकर सड़क को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की है।
आवेदन में कहा गया है कि कुछ लोगों द्वारा सड़क पर पत्थर, लकड़ी एवं घेराबंदी कर आवागमन बाधित कर दिया गया है। इससे प्रतिदिन छोटी-बड़ी गाड़ियों सहित सैकड़ों ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आवेदन में संतोष पाल, राम निहोरा पाल, विनोद पाल सहित अन्य लोगों पर सड़क अतिक्रमण का आरोप लगाया गया है।
उपप्रमुख नारायण यादव ने बताया कि संबंधित सड़क लगभग 35 से 40 कड़ी चौड़ी है, लेकिन अतिक्रमण के कारण सड़क संकरी और जर्जर हो गई है। इस मार्ग से करीब 150 घरों के लोग आवागमन करते हैं। उन्होंने प्रशासन से सरकारी अमीन द्वारा सड़क की मापी कराकर अतिक्रमण हटाने की मांग की है।
मामले पर बीडीओ सह सीओ राकेश सहाय ने कहा कि एक सप्ताह के भीतर दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति कर सरकारी अमीन से सड़क की मापी कराई जाएगी। यदि जांच में अतिक्रमण की पुष्टि होती है तो नियमानुसार उसे हटाने की कार्रवाई की जाएगी।
आवेदन पर सुगवादामर टोला के कई ग्रामीणों ने भी हस्ताक्षर कर प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग की है। इनमें सत्येंद्र पाल, रमेश पाल, विजय पाल, अवध पाल, अखिलेश पाल, राकेश पाल, वीरेंद्र पाल, प्रदीप पाल, रविंद्र पाल, छठन पाल, ओम पाल, जितेंद्र पाल सहित अन्य ग्रामीण शामिल हैं।
