प्रखंड प्रमुख दीपमाला की शिकायत पर पति ललनटोप राम गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजा गया
मेराल (गढ़वा)। मेराल प्रखंड प्रमुख दीपमाला कुमारी की शिकायत पर मेराल पुलिस ने उनके पति ललन राम को गुरुवार को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। प्रखंड प्रमुख ने अपने पति पर मारपीट करने तथा लंबे समय से मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है।
मेराल थाना में दिए गए लिखित आवेदन में दीपमाला कुमारी ने बताया कि शादी के शुरुआती समय के बाद से ही दोनों के बीच विवाद चल रहा था। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें लगातार मानसिक एवं शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता रहा। मामले को सुलझाने के लिए कई बार सामाजिक स्तर पर समझौते का प्रयास भी किया गया, लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ।
शिकायत के आधार पर मेराल पुलिस ने थाना कांड संख्या 186/2026 दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की और आरोपी ललन राम को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
मेराल थाना प्रभारी विष्णु कांत ने बताया कि शिकायत के आधार पर कानूनी कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि घरेलू हिंसा एवं महिलाओं के उत्पीड़न से जुड़े मामलों में पुलिस संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करती है। मामले में लगाए गए आरोपों की जांच जारी है।
