(गढ़वा)कांडी प्रखंड कार्यालय परिसर में गुरुवार को ब्लॉक लेवल बैंकर कमेटी (बीएलबीसी) की बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता एलडीएम सत्यदेव रंजन ने की। इस दौरान प्रखंड क्षेत्र के किसानों, स्वयं सहायता समूहों तथा ग्रामीणों को बैंकिंग सुविधाओं से जोड़ने को लेकर विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में मुख्य रूप से किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) ऋण से संबंधित मामलों, ऋण वितरण में आ रही समस्याओं एवं उसके समाधान, स्वयं सहायता समूह (एसएचजी) के खातों से संबंधित विषयों तथा लखपति दीदी योजना को लेकर चर्चा हुई। इसके अलावा नए केसीसी उपलब्ध कराने तथा अधिक से अधिक पात्र किसानों को बैंकिंग योजनाओं का लाभ दिलाने पर भी विशेष जोर दिया गया।
एलडीएम सत्यदेव रंजन ने बैंक अधिकारियों एवं संबंधित विभागीय पदाधिकारियों से योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने पात्र किसानों और स्वयं सहायता समूहों को समय पर बैंकिंग सुविधाएं एवं ऋण उपलब्ध कराने की दिशा में आवश्यक पहल करने की बात कही।
बैठक में किसानों को केसीसी के माध्यम से कृषि कार्य के लिए ऋण उपलब्ध कराने, स्वयं सहायता समूहों को बैंक से जोड़ने तथा महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने वाली लखपति दीदी योजना को प्रभावी तरीके से आगे बढ़ाने पर भी विचार-विमर्श किया गया।
इस अवसर पर एसबीआई बैंक लमारी कला के शाखा प्रबंधक सुमित कुमार, झारखंड राज्य ग्रामीण बैंक के शाखा प्रबंधक प्रेम प्रधान, प्रभारी कृषि पदाधिकारी शाहिद अंसारी, प्रखंड तकनीकी प्रबंधक ओम प्रकाश गुप्ता समेत विभिन्न बैंकों एवं संबंधित विभागों के पदाधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे।
बैठक के माध्यम से बैंक एवं विभागीय अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर प्रखंड के किसानों, महिलाओं और स्वयं सहायता समूहों को सरकारी एवं बैंकिंग योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ पहुंचाने की दिशा में आवश्यक कदम उठाने पर सहमति बनी।
