मानदेय बढ़ोतरी की मांग को लेकर जेएसएलपीएस कैडरों ने सौंपा आवेदन Kandi

मानदेय बढ़ोतरी की मांग को लेकर जेएसएलपीएस कैडरों ने सौंपा आवेदन
कांडी (गढ़वा)। मानदेय में बढ़ोतरी सहित विभिन्न मांगों को लेकर कांडी प्रखंड की जेएसएलपीएस कैडर महिलाओं ने गुरुवार को प्रखंड मुख्यालय पहुंचकर प्रखंड प्रमुख सह प्रमुख संघ के अध्यक्ष सत्येंद्र कुमार पांडेय उर्फ पिंकू पांडेय और बीपीएम विक्रांत कुमार को अलग-अलग आवेदन सौंपा। दोनों को सौंपे गए आवेदनों के माध्यम से कैडर संघ ने अपनी मांगों से संबंधित अधिकारियों को अवगत कराने की मांग की।
जेएसएलपीएस कैडर संघ, कांडी-गढ़वा की महिलाओं ने आवेदन में कहा है कि वे पिछले कई वर्षों से अपने-अपने क्षेत्रों में पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ कार्य कर रही हैं। इसके बावजूद उनके कार्य एवं जिम्मेदारियों के अनुरूप मानदेय में अपेक्षित बढ़ोतरी नहीं की गई है। कैडरों ने कहा कि उन्हें निर्धारित कार्यों के अलावा भी कई अतिरिक्त जिम्मेदारियां निभानी पड़ती हैं।
आवेदन में कांडी प्रखंड के विभिन्न कैडर LHBRP, FLCRP, AW, AKM, APS एवं CRPEP से जुड़े कर्मियों की समस्याओं का उल्लेख करते हुए कहा गया है कि कार्य का दायरा लगातार बढ़ रहा है, लेकिन मानदेय में उसी अनुपात में बढ़ोतरी नहीं हुई है। इससे कैडरों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
कैडरों ने मांग की है कि कुशल कैडर को न्यूनतम ₹800 प्रतिदिन तथा अकुशल कैडर को ₹400 प्रतिदिन के हिसाब से मानदेय दिया जाए। इसके साथ ही कार्यक्षेत्र की दूरी के अनुसार यात्रा भत्ता, आवश्यक अन्य भत्ते तथा अतिरिक्त कार्य के लिए अलग से अतिरिक्त भत्ता देने की मांग की गई है।
महिलाओं ने कहा कि लंबे समय से सेवा देने के बावजूद उचित मानदेय नहीं मिलने के कारण उनके सामने आर्थिक कठिनाइयां उत्पन्न हो रही हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की। साथ ही कहा कि जब तक उनकी मांगों पर संतोषजनक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक वे अपने निर्धारित एवं अतिरिक्त कार्यों को करने में असमर्थता व्यक्त कर रही हैं।
प्रखंड प्रमुख सत्येंद्र कुमार पांडेय उर्फ पिंकू पांडेय ने कैडर महिलाओं की समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा आवेदन पर आवश्यक पहल करने का भरोसा दिलाया।
इस अवसर पर बीडीसी अनूप कुमार, सत्येंद्र कुमार, महिला अध्यक्ष प्रतिमा देवी, सचिव कंचन कुंवर, पूनम देवी, सीता देवी, दीपांजलि देवी, सुनैना देवी, बसंती कुंवर, ममता देवी, मंजू देवी, गंगा देवी, संगीता देवी, रूपांति कुमारी, सीमा देवी सहित दर्जनों जेएसएलपीएस कैडर महिलाएं उपस्थित थीं।

Latest News

मानदेय बढ़ोतरी की मांग को लेकर जेएसएलपीएस कैडरों ने सौंपा आवेदन Kandi