किसानों में मचा हाहाकार, घंटों सबस्टेशन में दिया धरना Kandi

ईई ने  कांडी के लिए ईश्यू किया 5 केवीए का ट्रांसफार्मर लेकिन जीएम ने मांगा लिया वापस
किसानों में मचा हाहाकार, घंटों सबस्टेशन में दिया धरना
कांडी : अकाल की दहलीज पर खड़े पूरे कांडी प्रखंड क्षेत्र में बिजली के बिना हाहाकार मचा है। यहां मात्र कुछ घंटे के लिए वह भी ट्रिप करके बिजली के दर्शन हो रहे हैं। जिसका वोल्टेज भी इतना डाउन रहता है कि उससे कोई काम नहीं किया जा सकता। सबसे बुरी स्थिति किसानों की है। चूंकि इस समय उनके सालों भर का भोजन और उनके अर्थव्यवस्था का साथी  धान की रोपनी का समय है। धान का बिचड़े बिल्कुल तैयार होकर खराब होते जा रहा है। लेकिन वर्षा के अभाव में धान की रोपनी नहीं हो पा रही है। उसकी वैकल्पिक व्यवस्था के रूप में बिजली की उपलब्धता होती तो उस धान की रोपनी की जा सकती थी। लेकिन किसानों के लगातार चिल्लाने के बाद भी विभाग एवं प्रशासन तथा सरकार को किसानों की कोई चिंता नहीं है। कोढ़ में खाज की तरह कांडी प्रखंड की नाजुक स्थिति को निकट से देखकर झारखंड राज्य बिजली वितरण निगम के गढ़वा इकाई संख्या एक के कार्यपालक अभियंता महेश्वर कुमार ने अपने पत्रांक 1651 दिनांक 1 अगस्त 2026 के अनुसार कांडी के 33/11 विद्युत शक्ति उप केंद्र के लिए 5 केवीए का एक अतिरिक्त ट्रांसफार्मर ईश्यू किया था। वह ट्रांसफार्मर 2 अगस्त को सुबह 10:00 बजे कांडी पहुंच गया था। स्थानीय बिजली सब स्टेशन में उसके इंस्टॉलेशन की कार्रवाई की जा रही थी। तब तक बिजली विभाग के महाप्रबंधक पलामू ने उस पांच केवीए के ट्रांसफार्मर को कांडी से वापस मंगा लिया। यह वही बात हो गई की भूख से व्याकुल मनुष्य के थाली में भोजन देकर उससे छीन लिया गया। अगर इस वर्ष अकाल के कारण किसानों के साथ-साथ पशुओं की मौत होती है तो इसके लिए बिजली विभाग के महा प्रबंधक ही जिम्मेवार होंगे। जो कांडी के नाम से ईश्यू किए जा चुके 5 केवीए के एक अतिरिक्त ट्रांसफार्मर को अपने पावर के बल पर वापस मंगा लिया। इसकी जानकारी होते ही किसानों के बीच आक्रोश के साथ-साथ हाहाकार की स्थिति उत्पन्न हो गई। अगर बीते कल वह अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लग गया होता और लोगों को पर्याप्त बिजली सही वोल्टेज के साथ मिलने लगती तो आज 3 अगस्त को सैकड़ो एकड़ खेत में धान की रोपनी हो जाती। जो अब नामुमकिन है। इस उपेक्षा पूर्ण व्यवहार को लेकर दर्जनों किसानों ने  3 अगस्त को कांडी बिजली सब स्टेशन में आकर घंटाों धरना दिया। लेकिन उनके सवाल का जवाब देने वाला यहां कोई नहीं था। इन किसानों में विनोद प्रसाद, विनोद द्विवेदी, सीताराम तिवारी, राम लाला दुबे, संतोष सिंह, दिलीप सिंह भूरा दुबे, निर्मल विश्वकर्मा, सुनील सिंह सहित कई लोगों का नाम शामिल है।

Latest News

सावन के द्वितीय सोमवार को शिव ढोड़ा मंदिर में होंगे भव्य धार्मिक कार्यक्रम, गढ़वा वासियों को किया गया आमंत्रित Garhwa