केंद्रीय विद्यालय की जर्जर सड़क को जल्द बनवाने की मांग, उपायुक्त से मिले भाजपा नेता सूरज गुप्ता
गढ़वा। भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सह गढ़वा विधानसभा क्षेत्र के पूर्व प्रत्याशी सूरज गुप्ता ने उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्रा से मुलाकात कर टंडवा मोहल्ला स्थित केंद्रीय विद्यालय तक पहुंचने वाली सड़क का निर्माण कार्य अविलंब शुरू कराने की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने उपायुक्त को पत्र सौंपकर सड़क की बदहाल स्थिति से अवगत कराया।
पत्र में भाजपा नेता ने बताया कि केंद्रीय विद्यालय तक जाने के लिए एनएच-343 से निकलने वाला मार्ग काफी संकीर्ण है और घनी आबादी के बीच से गुजरता है। वर्तमान में करीब 400 फीट सड़क पर कीचड़ एवं बड़े-बड़े गड्ढे हो जाने के कारण आवागमन बेहद खतरनाक हो गया है। इस मार्ग से प्रतिदिन बच्चों को लेकर टेंपो सहित अन्य वाहन गुजरते हैं। ऐसे में किसी दुर्घटना की स्थिति में बड़ी जान-माल की क्षति हो सकती है।
सूरज गुप्ता ने पत्र में कहा कि करीब एक वर्ष पूर्व सांसद विष्णु दयाल राम (बीडी राम) एवं तत्कालीन उपायुक्त के प्रयास से उक्त सड़क के निर्माण की प्रक्रिया शुरू हुई थी और टेंडर भी हो चुका है। इसके बावजूद अब तक धरातल पर निर्माण कार्य शुरू नहीं होना चिंता का विषय है।
उन्होंने उपायुक्त से मांग की कि सड़क निर्माण में आ रही बाधाओं को जल्द दूर कर निर्माण कार्य शुरू कराया जाए। साथ ही, जब तक नई सड़क का निर्माण पूरा नहीं हो जाता, तब तक वर्तमान जर्जर रास्ते की तत्काल मरम्मत कराकर बच्चों एवं आम लोगों के लिए सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित किया जाए।
सूरज गुप्ता ने बताया कि उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्रा ने बच्चों के हित को ध्यान में रखते हुए मामले का जल्द समाधान कराने का आश्वासन दिया है।
