लो वोल्टेज से जूझ रहे कांडी के 82 गांवों को मिलेगी राहत! सतबहिनी मंदिर के पास बनेगा नया विद्युत शक्ति उपकेंद्र Kandi

लो वोल्टेज से जूझ रहे कांडी के 82 गांवों को मिलेगी राहत! सतबहिनी मंदिर के पास बनेगा नया विद्युत शक्ति उपकेंद्र
विद्युत कार्यपालक अभियंता ने उपायुक्त को भेजा प्रस्ताव, सरकोनी पंचायत में निःशुल्क भूमि उपलब्ध कराने का किया अनुरोध

कांडी (गढ़वा): कांडी प्रखंड के लोगों को वर्षों से चली आ रही लो वोल्टेज की समस्या से जल्द राहत मिलने की उम्मीद जगी है। झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड के विद्युत कार्यपालक अभियंता, विद्युत आपूर्ति प्रमंडल गढ़वा-1 ने उपायुक्त गढ़वा को पत्र भेजकर सरकोनी पंचायत स्थित प्रसिद्ध सतबहिनी मंदिर के समीप नया 33/11 केवी विद्युत शक्ति उपकेंद्र स्थापित करने के लिए निःशुल्क भूमि उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है।
विभागीय पत्र में कहा गया है कि वर्तमान में कांडी प्रखंड की सभी 16 पंचायतों के 82 गांवों में बिजली आपूर्ति एक ही विद्युत शक्ति उपकेंद्र से की जा रही है। अत्यधिक विद्युत भार के कारण क्षेत्र में लगातार लो वोल्टेज की समस्या बनी रहती है, जिससे ग्रामीणों को घरेलू कार्यों, सिंचाई, व्यवसाय तथा छोटे उद्योगों में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
विद्युत विभाग के अनुसार, निरीक्षण के दौरान सरकोनी पंचायत अंतर्गत सतबहिनी मंदिर के आसपास उपयुक्त भूमि चिन्हित की गई है। यह स्थान कांडी प्रखंड के मध्य में होने के कारण यहां नया विद्युत शक्ति उपकेंद्र स्थापित होने से पूरे क्षेत्र में विद्युत भार का संतुलन होगा और लो वोल्टेज की समस्या का स्थायी समाधान मिल सकेगा।
कार्यपालक अभियंता ने उपायुक्त से अनुरोध किया है कि शीघ्र निःशुल्क भूमि उपलब्ध कराई जाए, ताकि उपकेंद्र निर्माण की प्रक्रिया शुरू कर क्षेत्रवासियों को बेहतर और निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि नया विद्युत शक्ति उपकेंद्र बन जाता है तो कांडी प्रखंड के हजारों उपभोक्ताओं को बेहतर वोल्टेज के साथ गुणवत्तापूर्ण बिजली मिलेगी और लंबे समय से चली आ रही बिजली संबंधी समस्याओं से राहत मिलेगी।

Latest News

छत की ढलाई के दौरान 440 वोल्ट करंट की चपेट में आए युवक की दर्दनाक मौत Kandi