SIR में लापरवाही पर बीडीओ का बड़ा एक्शन, चार पंचायत स्वयंसेवकों को कारण बताओ नोटिस, बर्खास्तगी की चेतावनी
साकेत मिश्रा की रिर्पोट
कांडी (गढ़वा)। विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) राकेश सहाय ने गुरुवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि गणना प्रपत्रों के वितरण एवं डिजिटलीकरण कार्य का निरीक्षण करने के दौरान चार पंचायत स्वयंसेवकों की गंभीर लापरवाही सामने आई है।
निरीक्षण के क्रम में कांडी, पतरिया, राणाडीह एवं खरौंधा पंचायत भवनों तथा विभिन्न मतदान केंद्रों का भ्रमण किया गया। इस दौरान कांडी पंचायत के नितेश कुमार तथा राणाडीह पंचायत के चंदन कुमार, संतु कुमार एवं संजीव कुमार (सभी पंचायत सहायक) के कार्य में गंभीर अनियमितता पाए जाने पर उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
बीडीओ ने सभी संबंधित कर्मियों को शुक्रवार सुबह 11 बजे तक स्वयं उपस्थित होकर स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि जवाब संतोषजनक नहीं मिला तो चारों स्वयंसेवकों की सेवा समाप्त करने की कार्रवाई की जाएगी।
राकेश सहाय ने कहा कि SIR अभियान में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी पंचायत स्वयंसेवकों, पंचायत सहायकों, बीएलओ एवं अन्य कर्मियों को चेतावनी देते हुए कहा कि कार्य में जरा-सी भी ढिलाई उनकी बर्खास्तगी का कारण बन सकती है। उन्होंने बताया कि उपायुक्त इस अभियान की लगातार निगरानी कर रहे हैं और लापरवाही करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई तय है।
निरीक्षण के दौरान डुमरसोता पंचायत के बूथ संख्या 166, 169 एवं 170 के बीएलओ के कार्यों की समीक्षा की गई तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। वहीं खरौंधा पंचायत भवन का निरीक्षण कर वहां चल रहे कार्यों का जायजा लिया गया। इस दौरान रोजगार सेवक वकार अंजुम सहित पंचायत सहायक मौजूद रहे।
बीडीओ ने आम मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि यदि किसी को गणना प्रपत्र भरने में किसी प्रकार की कठिनाई हो तो वे संबंधित पंचायत भवन अथवा कांडी प्रखंड कार्यालय पहुंचें। सभी पंचायत भवनों में फॉर्म भरने के लिए सहायता केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहां कर्मियों द्वारा निःशुल्क सहयोग उपलब्ध कराया जा रहा है।
