SIR गणना कार्य में तेजी लाने का निर्देश, दो दिनों में शत-प्रतिशत वितरण सुनिश्चित करें: बीडीओ राकेश सहाय
कांडी (गढ़वा): कांडी प्रखंड के प्रखंड विकास पदाधिकारी राकेश सहाय ने शुक्रवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर सभी पंचायतों के मुखियाओं को विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत गणना प्रपत्रों के वितरण एवं डिजिटाइजेशन कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया है।
बीडीओ ने बताया कि वर्तमान में निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार बीएलओ द्वारा मतदाताओं के बीच गणना प्रपत्रों का वितरण किया जा रहा है। मतदाताओं को आवश्यक जानकारी भरकर प्रपत्र पुनः बीएलओ को उपलब्ध कराना है, जिसके बाद BLO App के माध्यम से उसका डिजिटाइजेशन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह चुनाव प्रक्रिया का अत्यंत महत्वपूर्ण चरण है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि जिले के उपायुक्त स्वयं प्रतिदिन दो से तीन बार SIR कार्य की समीक्षा कर रहे हैं तथा कांडी प्रखंड में गणना प्रपत्रों के वितरण और डिजिटाइजेशन की प्रगति पर विशेष नजर रखी जा रही है।
बीडीओ राकेश सहाय ने सभी मुखियाओं को निर्देश दिया है कि वे अपने-अपने पंचायतों के बीएलओ के साथ समन्वय स्थापित कर दो दिनों के भीतर शत-प्रतिशत गणना प्रपत्रों का वितरण सुनिश्चित कराएं। साथ ही मतदाताओं से प्रपत्र भरवाकर समय पर बीएलओ को वापस दिलाने में सक्रिय सहयोग करें, ताकि डिजिटाइजेशन का कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरा हो सके।
