दशहरा एवं दुर्गापूजा को लेकर अलर्ट मोड में जिला प्रशासन, उपायुक्त एवं एसपी ने शहर के विभिन्न पूजा पंडालों का किया संयुक्त निरीक्षण Garhwa

दशहरा एवं दुर्गापूजा को लेकर अलर्ट मोड में जिला प्रशासन, उपायुक्त एवं एसपी ने शहर के विभिन्न पूजा पंडालों का किया संयुक्त निरीक्षण
विधि-व्यवस्था, अग्निशमन, बिजली, साफ-सफाई एवं श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन की व्यवस्थाओं का लिया जायजा; मूर्ति विसर्जन स्थल रामबांध तालाब की तैयारियां शीघ्र पूरी करने का निर्देश
**************************************
गढ़वा। दशहरा एवं दुर्गापूजा पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी पशुपति नाथ मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर ने आज गढ़वा शहर के विभिन्न पूजा पंडालों का संयुक्त रूप से निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, विधि-व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन तथा आवश्यक बुनियादी सुविधाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने पूजा पंडालों में सुरक्षा व्यवस्था, वॉलंटियर्स की तैनाती, अग्निशमन व्यवस्था, बिजली की सुरक्षित व्यवस्था तथा साफ-सफाई की स्थिति का अवलोकन किया। इसके साथ ही महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं के लिए आवागमन की अलग-अलग व्यवस्था, प्रवेश एवं निकास मार्गों तथा भीड़ को नियंत्रित करने से संबंधित तैयारियों की भी जानकारी ली।
 अधिकारियों ने इस बात पर विशेष ध्यान दिया कि पूजा-अर्चना के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े और सभी आवश्यक सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित हो।

उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को पूजा पंडालों में आवश्यक व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने तथा श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि दशहरा एवं दुर्गापूजा जैसे महत्वपूर्ण पर्व के दौरान सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि पर्व को हर्षोल्लास एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराया जा सके। उन्होंने सुरक्षा, स्वच्छता, बिजली एवं अग्निशमन से संबंधित व्यवस्थाओं पर विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता पर भी बल दिया।

निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने मूर्ति विसर्जन स्थल रामबांध तालाब की तैयारियों की भी समीक्षा की। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को तालाब एवं उसके आसपास साफ-सफाई सहित विसर्जन से जुड़ी अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं जल्द से जल्द पूरी करने का निर्देश दिया, ताकि प्रतिमा विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो और पूरी प्रक्रिया सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराई जा सके।

इस अवसर पर उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी पशुपति नाथ मिश्रा ने समस्त गढ़वा वासियों को दशहरा एवं दुर्गापूजा की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सभी नागरिकों से आपसी प्रेम, भाईचारे एवं सामाजिक सौहार्द के साथ पर्व मनाने की अपील की।
संयुक्त निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी, गढ़वा कुमार मयंक भूषण, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी दिलू लोहार, अंचल अधिकारी, यातायात निरीक्षक सहित अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे।

**************************************

Latest News

दशहरा एवं दुर्गापूजा को लेकर अलर्ट मोड में जिला प्रशासन, उपायुक्त एवं एसपी ने शहर के विभिन्न पूजा पंडालों का किया संयुक्त निरीक्षण Garhwa