मोबाइल में कट्टे का वीडियो बना सबूत, तीन आरोपी गिरफ्तार News

मोबाइल में कट्टे का वीडियो बना सबूत, तीन आरोपी गिरफ्तार
रात्रि गश्ती में पकड़े गए दो युवकों के मोबाइल से खुला राज, तीसरे आरोपी के घर से अवैध देशी कट्टा बरामद
भवनाथपुर: भवनाथपुर थाना पुलिस ने अवैध हथियार रखने के मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक अवैध देशी कट्टा बरामद किया है। इस संबंध में भवनाथपुर थाना (हरिहरपुर ओपी) कांड संख्या-114/26 के तहत आर्म्स एक्ट की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
जानकारी के अनुसार, 26 जुलाई की देर रात पुलिस नियमित गश्ती पर थी। मंगलवार सुबह करीब 3:30 बजे टाउनशिप क्षेत्र से संदिग्ध गतिविधि के आधार पर संतोष रजवार और उमेश कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। थाना में दोनों के मोबाइल की जांच के दौरान देशी कट्टा लहराते हुए वीडियो और तस्वीरें मिलीं।
पूछताछ में दोनों ने बताया कि वीडियो में दिख रहा हथियार चौबे मझिगावां निवासी अजीत कुमार गुप्ता उर्फ बोधा का है। सूचना के आधार पर भवनाथपुर थाना और हरिहरपुर ओपी पुलिस की संयुक्त टीम ने उसके घर पर छापेमारी की। पुलिस को देखते ही अजीत भागने लगा, लेकिन जवानों ने उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक अवैध देशी कट्टा बरामद हुआ।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि अवैध हथियार रखने और उसका प्रदर्शन करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा तथा ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Latest News

कांडी में मशाल ग्रुप का महाआंदोलन, जेपीएससी-जेएसएससी अभ्यर्थियों ने उठाई पारदर्शी भर्ती की मांग Kandi