साकेत मिश्रा की रिर्पोट
कांडी (गढ़वा): कांडी प्रखंड कार्यालय के सभागार में सोमवार को विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की प्रगति की समीक्षा को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में भवनाथपुर के प्रखंड विकास पदाधिकारी श्री नंद, बीएलओ, बीएलओ सुपरवाइजर, शिक्षक वॉलिंटियर्स तथा अन्य संबंधित कर्मी उपस्थित रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए बीडीओ राकेश सहाय ने बताया कि वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से पलामू के उपायुक्त ने गणना प्रपत्रों के वितरण एवं डिजिटाइजेशन की धीमी प्रगति पर गहरी नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि बीएलओ जिस दिन गणना प्रपत्र वितरित करें, उसी दिन उन्हें वापस प्राप्त कर यथाशीघ्र डिजिटाइजेशन भी सुनिश्चित करें।
बीडीओ ने बताया कि प्रत्येक बीएलओ को प्रतिदिन कम से कम 200 गणना प्रपत्रों का वितरण तथा 100 प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन करना अनिवार्य होगा। उन्होंने कहा कि इस संबंध में सभी बीएलओ एवं सुपरवाइजरों को पूर्व में ही वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग की सूचना दे दी गई थी और उम्मीद है कि सभी ने उपायुक्त के निर्देशों को गंभीरता से सुना होगा।
राकेश सहाय ने कहा कि वर्तमान में SIR अभियान सबसे महत्वपूर्ण कार्य है। यदि किसी बीएलओ को प्रपत्र वितरण, भरवाने या डिजिटाइजेशन में किसी प्रकार की परेशानी आती है तो वे तत्काल उनसे संपर्क करें। उन्होंने कहा कि बीएलओ की सहायता के लिए सुपरवाइजर, वॉलिंटियर्स तथा बीएलए-2 भी उपलब्ध हैं। यदि कोई सहयोग नहीं करता है तो इसकी सूचना तुरंत दें।
बैठक में बीडीओ ने चिंता जताते हुए कहा कि वर्तमान में कांडी प्रखंड में गणना प्रपत्रों के वितरण एवं डिजिटाइजेशन की प्रगति पूरे जिले में सबसे कम है, जो चिंता का विषय है। उन्होंने सभी बीएलओ, सुपरवाइजरों एवं वॉलिंटियर्स को पूरी मेहनत और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का निर्देश देते हुए चेतावनी दी कि निर्धारित लक्ष्य पूरा नहीं होने पर संबंधित कर्मियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
