कांडी (गढ़वा)।कांडी प्रखंड के गोसांग नहर चौक से चंद्रिका राम के घर तक जाने वाली लगभग एक किलोमीटर लंबी सड़क की जर्जर स्थिति को लेकर बुधवार को ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा।
वर्षों से बदहाल सड़क की मरम्मत नहीं होने से नाराज दर्जनों ग्रामीण सड़क पर उतर आए और तत्काल मरम्मत की मांग करते हुए जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।
ग्रामीणों का कहना है कि यह सड़क कांडी-मझिआंव मुख्य सड़क को जोड़ने वाली महत्वपूर्ण संपर्क सड़क है, जिससे करीब 20 गांवों के हजारों लोगों का रोजाना आवागमन होता है। लेकिन बरसात शुरू होते ही सड़क गड्ढों और कीचड़ में तब्दील हो गई है। हालात ऐसे हैं कि दोपहिया और चारपहिया वाहन तो दूर, पैदल चलना भी जोखिम भरा हो गया है।
प्रदर्शन के दौरान डॉ. रमेश तिवारी ने कहा कि सड़क की बदहाली के कारण स्कूली बच्चों को रोज गिरकर चोट लग रही है। वहीं किसी के बीमार होने पर एंबुलेंस गांव तक नहीं पहुंच पाती, जिससे मरीजों को चारपाई पर लादकर मुख्य सड़क तक ले जाना पड़ता है। उन्होंने कहा कि आखिर ग्रामीण कब तक इस नारकीय स्थिति को झेलते रहेंगे।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द सड़क की मरम्मत या निर्माण कार्य शुरू नहीं कराया गया तो वे उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की होगी।
प्रदर्शन में डॉ. रमेश तिवारी, विकेश कुमार प्रजापति, अरविंद प्रजापति, बुच्चुन रजवार, धर्मवीर प्रजापति, राकेश प्रजापति, मनोज प्रजापति, कृष्णा बैठा, सुधीर साह समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे। सभी ने हाथ उठाकर एक स्वर में सड़क निर्माण की मांग का समर्थन किया।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों से अविलंब सड़क की मरम्मत कराने की मांग करते हुए कहा कि यह सड़क सिर्फ आवागमन का रास्ता नहीं, बल्कि हजारों लोगों की जीवनरेखा है। यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो बरसात के दिनों में हालात और भी भयावह हो जाएंगे।
