बाजार में पहली ही बारिश ने जलनिकासी व्यवस्था की पोल खोल दी। Kandi

साकेत मिश्रा की रिर्पोट 
कांडी (गढ़वा): कांडी प्रखंड मुख्यालय स्थित मुख्य बाजार में पहली ही बारिश ने जलनिकासी व्यवस्था की पोल खोल दी। बाजार में जगह-जगह जलजमाव होने से दुकानदारों, सब्जी विक्रेताओं और आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई दुकानों में पानी घुस गया, जिससे व्यापारियों को आर्थिक नुकसान भी हुआ।
स्थानीय निवासी विजय सोनी ने बताया कि पहले बारिश का पानी नालियों के माध्यम से नदी और खेतों की ओर निकल जाता था, लेकिन अब नालियां भर जाने और जाम होने से पानी लोगों के घरों और दुकानों में घुस रहा है। उनका आरोप है कि मंदिर की ओर बनी पीसीसी सड़क को पहले से अधिक ऊंचा बना दिया गया है, जिससे पानी का प्राकृतिक बहाव रुक गया है। इसके कारण उनके घर के सामने पानी जमा होकर तालाब जैसी स्थिति बन गई तथा उनकी कपड़े की दुकान में भी पानी घुस गया।
विजय सोनी ने बताया कि उन्होंने इस समस्या की जानकारी प्रखंड विकास पदाधिकारी राकेश सहाय को दी। बीडीओ ने उन्हें बताया कि वे बैठक में हैं और बैठक समाप्त होने के बाद स्थल का निरीक्षण कर समस्या के समाधान का प्रयास करेंगे।
स्थानीय लोगों ने बताया कि कुछ दिन पहले क्षेत्रीय विधायक नरेश प्रसाद सिंह ने जलजमाव की समस्या दूर कराने का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
जलजमाव का असर मुख्य बाजार के सब्जी कारोबार पर भी पड़ा। ग्राहकों को पानी में खड़े होकर सब्जियां खरीदनी पड़ीं, जबकि विक्रेता भी मजबूरी में पानी के बीच दुकान लगाने को विवश रहे।
मुखिया ने बताई दूसरी तस्वीर
मामले पर पंचायत के मुखिया विजय राम ने कहा कि पहले व्यापारियों की दुकानों के सामने एक पुरानी नाली थी, जिसे स्थानीय लोगों ने बंद कर दिया। बाद में मुख्य सड़क के किनारे नई नाली का निर्माण कराया गया, लेकिन उस पर भी अतिक्रमण हो गया और लोगों द्वारा कचरा डालने से वह पूरी तरह जाम हो गई। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष उन्होंने निजी खर्च से नाली की सफाई कराई थी, लेकिन कुछ ही समय बाद फिर नाली जाम कर दी गई। उन्होंने लोगों से नालियों में कचरा नहीं डालने और सफाई व्यवस्था बनाए रखने की अपील की।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि बरसात की शुरुआत में ही सामने आई इस गंभीर समस्या का स्थायी समाधान कब होगा। यदि समय रहते जलनिकासी व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई तो पूरे बारिश के मौसम में कांडी बाजार के लोगों को जलजमाव की परेशानी झेलनी पड़ सकती है।

Latest News

बीएलओ के सहयोग के लिए प्रतिनियुक्त नौ वोलेंटियरों पर कार्य में लापरवाही बरतने का आरोप लगा है। Kandi