दिल का दौरा पड़ने से बलियारी के कुंडल दुबे का निधन, गांव में शोक की लहर
आर्थिक तंगी के बीच परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़, सैकड़ों लोगों ने दी श्रद्धांजलि
कांडी (गढ़वा), प्रतिनिधि। कांडी प्रखंड के बलियारी गांव निवासी स्वर्गीय युगल दुबे के पुत्र कुंडल दुबे का शुक्रवार शाम लगभग 5 बजे हृदयाघात (दिल का दौरा) पड़ने से निधन हो गया। उनके निधन की खबर फैलते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि एवं सामाजिक कार्यकर्ता उनके आवास पहुंचकर शोकाकुल परिजनों को सांत्वना दी तथा दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।
परिजनों ने बताया कि गुरुवार की सुबह कुंडल दुबे अपने घर के समीप टहल रहे थे। इसी दौरान अचानक गिर पड़े। आनन-फानन में उन्हें मझिआंव अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार किया गया, लेकिन स्वास्थ्य में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। शुक्रवार को उन्हें बेहतर इलाज के लिए खरसोता ले जाया गया। वहां से इलाज कराकर घर लौटने के कुछ ही घंटे बाद शाम करीब पांच बजे उन्होंने अंतिम सांस ली।
ग्रामीणों के अनुसार कुंडल दुबे अत्यंत सरल, मिलनसार एवं मेहनती स्वभाव के व्यक्ति थे। उनका परिवार लंबे समय से आर्थिक तंगी से जूझ रहा था। उनके दो पुत्र हैं—राकेश दुबे और चंदन दुबे। दोनों दिल्ली में मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। बड़ा पुत्र राकेश पर पूरे परिवार की जिम्मेदारी है, जबकि छोटा पुत्र चंदन अविवाहित है। अंतिम संस्कार के दौरान सोन नदी तट पर छोटे पुत्र चंदन दुबे ने पिता को मुखाग्नि दी।
दिवंगत के निधन पर भाजपा किसान मोर्चा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रामलाला दुबे, कांडी प्रखंड प्रमुख सतेन्द्र कुमार पांडेय (पिंकू पांडेय), विश्रामपुर विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी विकाश दुबे, बिहार प्रदेश के मुखिया भानु मिश्रा, विजेंद्र दुबे, प्रदीप दुबे, बिनोद दुबे, विनय दुबे, सिदेश्वर दुबे, मनोज दुबे, सुनील दुबे, श्रीराम पांडेय, देव नारायण दुबे, देव प्रसाद मिस्त्री, रामचंद्र राम, प्रवीण दुबे सहित सैकड़ों लोगों ने उनके आवास पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।
भाजपा किसान मोर्चा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रामलाला दुबे ने बताया कि कुंडल दुबे का निधन क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति तथा परिजनों को इस कठिन घड़ी में दुःख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
