राणाडीह पंचायत में एसआईआर विशेष शिविर, ऑनलाइन पंजीकरण के साथ बांटे गए गणना प्रपत्र
साकेत मिश्रा की रिर्पोट
कांडी (गढ़वा)। प्रखंड के राणाडीह पंचायत भवन में बुधवार को विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत विशेष शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में मतदाताओं के गणना प्रपत्रों का ऑनलाइन पंजीकरण किया गया तथा नए एवं आवश्यक प्रपत्रों का वितरण कर लोगों को मौके पर ही सुविधा उपलब्ध कराई गई।
शिविर का निरीक्षण पंचायत के मुखिया ललित बैठा ने किया। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को शुद्ध एवं अद्यतन बनाने के लिए प्रत्येक पात्र मतदाता का समय पर गणना प्रपत्र भरना और जमा करना आवश्यक है। उन्होंने पंचायतवासियों से अपील की कि जिन्हें भी गणना प्रपत्र की आवश्यकता हो, वे पंचायत भवन में मुखिया अथवा संबंधित बीएलओ से संपर्क कर आसानी से प्रपत्र प्राप्त करें।
बीएलओ प्रेमशिला देवी ने मतदाताओं को गणना प्रपत्र भरने की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों एवं ऑनलाइन पंजीकरण की जानकारी दी। वहीं शिक्षक वरुण शर्मा ने ऑनलाइन अपलोड एवं पंजीकरण कार्य में सहयोग किया।
शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर गणना प्रपत्र प्राप्त किए और ऑनलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी कराई। पंचायत प्रतिनिधियों ने कहा कि एसआईआर अभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाने के लिए आगे भी ऐसे विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे, ताकि कोई भी पात्र मतदाता इस महत्वपूर्ण प्रक्रिया से वंचित न रहे।
