तेज आंधी और बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया। Kandi

साकेत मिश्रा की रिर्पोट 
कांडी (गढ़वा): सोमवार की दोपहर प्रखंड क्षेत्र में आई तेज आंधी और बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया। 
राणाडीह पंचायत के कुरकुटा गांव स्थित दुर्गा मंडप का करकट शेड तेज हवा में पूरी तरह उड़कर ध्वस्त हो गया, जबकि खुटहेरिया पंचायत के समीप सड़क किनारे खड़ा विशाल पीपल का पेड़ गिरने से बिजली आपूर्ति ठप हो गई और सड़क पर आवागमन भी बाधित हो गया।
जानकारी के अनुसार कुरकुटा गांव का दुर्गा मंडप वर्ष 2019 के विधानसभा चुनाव से पूर्व स्थानीय विधायक नरेश प्रसाद सिंह के सहयोग से ग्रामीणों द्वारा बनवाया गया था। तेज आंधी के कारण मंडप का पूरा शेड उड़ गया, जिससे मंडप को काफी क्षति पहुंची है।
दूसरी ओर खुटहेरिया पंचायत के पास सड़क किनारे लगा विशाल पीपल का पेड़ आंधी के दौरान एलटी बिजली तार पर गिर गया। इससे आसपास के कई घरों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। पेड़ सड़क पर गिरने से आधे से अधिक मार्ग अवरुद्ध हो गया, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
घटना की सूचना मिलने के बाद ग्रामीण पेड़ को काटकर सड़क से हटाने में जुट गए। स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग एवं प्रशासन से शीघ्र बिजली आपूर्ति बहाल कराने तथा सड़क को यातायात के लिए सुचारू कराने की मांग की है।

Latest News

तेज आंधी और बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया। Kandi