हरिहरपुर ओपी क्षेत्र अंतर्गत मझिगावां पंचायत के भेलवाखाड़ी टोले में संचालित लक्ष्मी विकास समिति के माध्यम से राशन वितरण को लेकर कार्डधारियों का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है।
ग्रामीणों ने राशन डीलर के खिलाफ़ अनियमितता, दुर्व्यवहार एवं राशन वितरण में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए प्रखंड से लेकर जिला स्तर तक शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के आलोक में प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी मनोज त्रिपाठी एवं प्रभारी पदाधिकारी शाहिद अंसारी ने गांव पहुंचकर कार्डधारियों का भौतिक सत्यापन किया तथा एक-एक लाभुक का बयान दर्ज किया। जांच के दौरान कई कार्डधारियों ने आरोप लगाया कि लक्ष्मी विकास समिति की अध्यक्ष एवं राशन डीलर शारदा देवी राशन लेने आने वाले लाभुकों के साथ अभद्र व्यवहार करती हैं। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि राशन वितरण में अनियमितता बरती जाती है और समय-समय पर राशन की हेराफेरी की जाती है। ग्रामीणों ने मांग की कि राशन वितरण का कार्य समिति के किसी अन्य सदस्य को सौंपा जाए। वहीं कुछ लाभुकों ने अपना राशन कार्ड किसी अन्य डीलर के यहां स्थानांतरित करने की भी मांग की।
इस संबंध में प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी मनोज त्रिपाठी ने बताया कि सभी कार्डधारियों का भौतिक सत्यापन कर उनका बयान दर्ज कर लिया गया है। जांच प्रतिवेदन एवं सभी बयान अग्रेतर कार्रवाई के लिए जिला के वरीय अधिकारियों को भेज दिए गए हैं। अब आगे की कार्रवाई जिला प्रशासन के स्तर से की जाएगी।
