राहत के नाम पर नई मुसीबत! कांडी बाजार में एक सप्ताह से सड़क पर पड़ा नालियों का कचरा, आवागमन ठप Kandi

राहत के नाम पर नई मुसीबत! कांडी बाजार में एक सप्ताह से सड़क पर पड़ा नालियों का कचरा, आवागमन ठप
जलजमाव दूर करने के लिए हुई नाली सफाई अधूरी, सड़क पर फैला मलबा बना परेशानी का कारण; विधायक प्रतिनिधि बोले- कल से शुरू होगा सफाई कार्य

कांडी (गढ़वा), प्रतिनिधि। कांडी मुख्य बाजार में जलजमाव से राहत दिलाने के उद्देश्य से एक सप्ताह पूर्व विश्रामपुर विधायक नरेश प्रसाद सिंह द्वारा मिशन जनकल्याण अभियान के तहत अपने निजी खर्च से कराई गई नालियों की सफाई अब लोगों के लिए नई परेशानी बन गई है। नालियों से निकाला गया कचरा, मिट्टी और सरिया का जाल अब भी मुख्य सड़क पर फैला हुआ है, जिससे बाजार में आवागमन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।
बताया जाता है कि पहली बारिश के बाद बाजार में जलजमाव की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई थी। मीडिया में मामला प्रमुखता से उठने के बाद विधायक ने जेसीबी और ट्रैक्टर की सहायता से नालियों की सफाई शुरू कराई थी। उस समय विधायक प्रतिनिधि आसित सिंह, अंचलाधिकारी राकेश सहाय, थाना प्रभारी असफाक आलम, जिला परिषद प्रतिनिधि दिनेश कुमार सहित कई लोग मौजूद थे।
हालांकि, सफाई अभियान शुरू होने के एक सप्ताह बाद भी कार्य पूरा नहीं हो सका है। नालियों से निकाला गया मलबा और सरिया सड़क पर ही पड़ा है, जिससे राहगीरों, दुकानदारों और वाहन चालकों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मुख्य बाजार की यह स्थिति प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर रही है।
इस संबंध में विधायक प्रतिनिधि आसित सिंह ने बताया कि "कल से दोबारा कार्य शुरू कराया जाएगा। सड़क पर पड़े कचरे की सफाई कर नालियों पर ढक्कन भी लगाया जाएगा, ताकि लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।"
वहीं अंचलाधिकारी राकेश सहाय ने कहा कि "बहुत जल्द नालियों की पूरी तरह सफाई कराकर जलनिकासी व्यवस्था को सुचारू किया जाएगा।"
अब बाजारवासियों की निगाहें प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के वादों पर टिकी हैं। लोगों को उम्मीद है कि अधूरा सफाई अभियान जल्द पूरा होगा और मुख्य बाजार में आवागमन फिर से सामान्य हो सकेगा।

Latest News

राहत के नाम पर नई मुसीबत! कांडी बाजार में एक सप्ताह से सड़क पर पड़ा नालियों का कचरा, आवागमन ठप Kandi