रोज़गार की तलाश में हरियाणा गए कांडी प्रखंड के एक और प्रवासी मजदूर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत Kandi

कांडी (गढ़वा)रोज़गार की तलाश में हरियाणा गए कांडी प्रखंड के एक और प्रवासी मजदूर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। 
गुरुवार को जैसे ही 35 वर्षीय सुदामा चौधरी का शव उनके पैतृक गांव पखनाहा टोला, खुटहेरिया पंचायत पहुंचा, पूरे गांव में मातम छा गया। परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। ग्रामीणों और परिवार का आरोप है कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या का मामला हो सकता है।
परिजनों के अनुसार, सुदामा चौधरी मई माह में हरियाणा के गुरुग्राम सेक्टर-79 में मजदूरी करने गए थे। परिवार को उम्मीद थी कि वह कमाकर घर लौटेंगे, लेकिन दो महीने बाद उनका शव गांव पहुंचा।
सुदामा के साथ गुरुग्राम में रह रहे गांव के ही राकेश चौधरी ने बताया कि घटना की रात उनकी सुदामा से बातचीत हुई थी। अगले दिन जब वह ड्यूटी पर नहीं पहुंचे तो कमरे में जाकर देखा गया। वहां सुदामा रस्सी के फंदे के सहारे मृत अवस्था में मिले। इसके बाद साथियों ने ठेकेदार, कंपनी और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
हालांकि, गांव पहुंचने से पहले मिले फोटो और वीडियो देखने के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने हत्या की आशंका जताई। उनका कहना है कि शव की स्थिति देखकर मामला आत्महत्या का नहीं लगता। परिजनों ने आरोप लगाया कि किसी ने सुदामा की हत्या कर उसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की है। इस संबंध में परिवार ने कांडी थाना पहुंचकर न्याय की गुहार भी लगाई।
थाना प्रभारी असफाक आलम ने बताया कि घटना गुरुग्राम क्षेत्र की है, इसलिए वहां की पुलिस जांच करेगी। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर परिजनों को हर संभव सहयोग दिया जाएगा।
सुदामा चौधरी के पिता रामप्रवेश चौधरी, जो स्वयं हैदराबाद में मजदूरी करते हैं, बेटे की मौत की खबर सुनकर गांव पहुंचे। उनके आने के बाद खरसोता स्थित कोयल नदी घाट पर अंतिम संस्कार किया गया।
मृतक अपने पीछे पत्नी रीना देवी, दो पुत्र शिरोमणि और अंकित, तथा पुत्री आकृति कुमारी को छोड़ गए हैं। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे इलाके में इस घटना को लेकर शोक और आक्रोश का माहौल है।

Latest News

मैट्रिक रजिस्ट्रेशन कराने के लिए घर से निकली गढ़वा की एक छात्रा हजारीबाग जिले के टंडवा में अपने कथित प्रेमी के साथ मिली। Garhwa