मैट्रिक रजिस्ट्रेशन कराने के लिए घर से निकली गढ़वा की एक छात्रा हजारीबाग जिले के टंडवा में अपने कथित प्रेमी के साथ मिली। Garhwa

कांडी (गढ़वा)कांडी थाना क्षेत्र के सुंडीपुर गांव से मैट्रिक रजिस्ट्रेशन कराने के लिए घर से निकली एक नाबालिग छात्रा हजारीबाग जिले के टंडवा में अपने कथित प्रेमी के साथ मिली।
 छात्रा के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की। काफी तलाश के बाद भी कोई सुराग नहीं मिलने पर ग्रामीणों ने मोबाइल लोकेशन के आधार पर उसका पता लगाने का निर्णय लिया।
मुखिया प्रतिनिधि नीरज कुमार सिंह के नेतृत्व में चार ग्रामीण गुरुवार की शाम करीब 6 बजे सुंडीपुर से टंडवा के लिए रवाना हुए। मोबाइल लोकेशन के आधार पर वे उस कमरे तक पहुंचे, जहां छात्रा, युवक और अन्य लोग मौजूद थे। ग्रामीणों ने दोनों को अपने साथ लेकर रात में ही सुंडीपुर लौट आए।
इस बीच छात्रा के परिजनों ने पूरे मामले की सूचना कांडी थाना को दी। सूचना मिलते ही पुलिस गांव पहुंची और युवक आलोक चौधरी (पिता– घूरा चौधरी, निवासी सुंडीपुर) तथा छात्रा को थाना ले गई।
परिजनों द्वारा दिए गए लिखित आवेदन के आधार पर कांडी थाना में कांड संख्या 78/26 दर्ज किया गया। आवेदन में आरोप लगाया गया है कि आरोपी पहले भी उनकी नाबालिग बेटी को बहला-फुसलाकर ले जा चुका है तथा उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाया। परिजनों ने पुलिस से निष्पक्ष जांच कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीण सूत्रों के अनुसार, युवक और युवती के बीच पिछले लगभग तीन वर्षों से प्रेम संबंध होने की चर्चा रही है। हालांकि, पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई कानूनी प्रक्रिया के अनुसार की जा रही है।
पुलिस का पक्ष:
पुलिस का कहना है कि परिजनों की शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। छात्रा का बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच जारी है। जांच पूरी होने के बाद विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

Latest News

मैट्रिक रजिस्ट्रेशन कराने के लिए घर से निकली गढ़वा की एक छात्रा हजारीबाग जिले के टंडवा में अपने कथित प्रेमी के साथ मिली। Garhwa