जमीन विवाद में खूनी संघर्ष: मकान बना रहे दंपती पर धारदार हथियार से हमला, दोनों गंभीर
रतनगढ़ में निर्माण कार्य के दौरान हमला, पुलिस जांच में जुटी; आवेदन मिलने पर होगी कार्रवाई
कांडी (गढ़वा), प्रतिनिधि। कांडी प्रखंड के रतनगढ़ गांव में शनिवार को जमीन विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। अपनी जमीन पर मकान निर्माण करा रहे दंपती पर कथित रूप से धारदार हथियार और कुदाल से हमला कर दिया गया। घटना में पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों का प्राथमिक उपचार कांडी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में करने के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए मझिआंव रेफर कर दिया।
घायल राजेंद्र यादव (48 वर्ष), पिता उखमजी यादव, ने बताया कि वे अपनी जमीन पर मकान निर्माण करा रहे थे। इसी दौरान गांव के आनंद यादव उर्फ बबलू यादव, सकोला देवी, सुदेश्वर यादव समेत अन्य लोग वहां पहुंचे और कथित रूप से धारदार हथियार व कुदाल से हमला कर दिया। उनके अनुसार, बिना किसी चेतावनी के हुई मारपीट में वे और उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए।
राजेंद्र यादव ने बताया कि घटना के समय घर में केवल वे और उनकी पत्नी ही मौजूद थे। दोनों के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उन्हें तत्काल टेंपू से कांडी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। चिकित्सकों ने गंभीर स्थिति देखते हुए दोनों को मझिआंव रेफर कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही कांडी थाना के एसआई रॉबिन उरांव अस्पताल पहुंचे और घायलों का बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है।
वहीं, थाना प्रभारी असफाक आलम ने बताया कि समाचार लिखे जाने तक पीड़ित पक्ष की ओर से कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने के बाद मामले में विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
