साकेत मिश्रा की रिर्पोट
कांडी (गढ़वा)। खरीफ मौसम 2026-27 में किसानों की आय बढ़ाने और फसल उत्पादन को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से झारखंड सरकार के निर्देश पर कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंधन अभिकरण (आत्मा) गढ़वा ने कांडी प्रखंड में निःशुल्क बीज वितरण योजना शुरू की है।
योजना के तहत किसानों के बीच कुल 70 क्विंटल बीज का वितरण किया जाएगा, जिसमें 25 क्विंटल अरहर तथा 45 क्विंटल मूंगफली का बीज शामिल है।
योजना के सफल संचालन के लिए प्रखंड के बलियारी, पतरिया, गाड़ाखुर्द, लमारी कला, खुटहेरिया एवं डूमरसोता को क्लस्टर के रूप में चयनित किया गया है। प्रखंड तकनीकी प्रबंधक ओम प्रकाश साहू ने बताया कि लमारी कला एवं खुटहेरिया क्लस्टर के किसानों को अरहर का बीज, जबकि गाड़ाखुर्द, बलियारी, पतरिया और डूमरसोता क्लस्टर के किसानों को मूंगफली का बीज निःशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा।
उन्होंने बताया कि योजना का उद्देश्य किसानों को उन्नत गुणवत्ता के बीज उपलब्ध कराकर खरीफ फसलों का रकबा एवं उत्पादन बढ़ाना है। इसके लिए पात्र किसानों की सूची तैयार की जा रही है। निर्धारित तिथि और स्थान पर बीज वितरण किया जाएगा।
आत्मा विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे अपने संबंधित कृषि कर्मियों एवं पंचायत स्तर के अधिकारियों के संपर्क में रहकर समय पर बीज प्राप्त करें, ताकि खरीफ बुवाई का पूरा लाभ मिल सके। विभाग का मानना है कि इस पहल से क्षेत्र में अरहर एवं मूंगफली की खेती को बढ़ावा मिलेगा और किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी।
