कांडी : सावन माह की आस्था और भक्ति के बीच गुरुवार को कांडी प्रखंड अंतर्गत ग्राम राणाडीह से श्रद्धालुओं का एक जत्था बाबा बैद्यनाथ धाम, देवघर के लिए रवाना हुआ।
"बोल बम", "हर-हर महादेव" और "बाबा नगरी देवघर" के जयघोष से पूरा गांव शिवमय हो उठा। श्रद्धालुओं के उत्साह और भक्ति को देखकर गांव का माहौल पूरी तरह भक्तिमय नजर आया।
देवघर के लिए प्रस्थान करने से पहले सभी श्रद्धालुओं ने गांव में पारंपरिक ढंग से भ्रमण किया। इस दौरान सबसे पहले ग्राम देवता देवकूर बाबा के स्थान पर पहुंचकर पूजा-अर्चना की तथा गांव और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद श्रद्धालुओं ने शिव-पार्वती मंदिर में भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद लिया। पूजा के उपरांत सभी श्रद्धालुओं ने सफल, सुरक्षित एवं मंगलमय यात्रा की प्रार्थना की।
गांव के बुजुर्गों एवं महिलाओं ने श्रद्धालुओं का तिलक लगाकर और शुभकामनाएं देकर विदा किया। पूरे गांव में भक्ति का माहौल देखने को मिला। ग्रामीणों ने बाबा बैद्यनाथ से सभी श्रद्धालुओं की मनोकामना पूर्ण होने तथा क्षेत्र में सुख-शांति और समृद्धि की कामना की।
सावन के पवित्र महीने में देवघर जाकर जलाभिषेक करने की परंपरा वर्षों से चली आ रही है। मान्यता है कि बाबा बैद्यनाथ पर श्रद्धापूर्वक जल अर्पित करने से भगवान शिव भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण करते हैं। इसी आस्था के साथ रानाडीह के श्रद्धालु भी बाबा धाम के लिए रवाना हुए।
देवघर जाने वाले श्रद्धालुओं में रमेश पाण्डेय, मुन्ना चौबे, सतीश चौबे, सुनील साव, राजू रंजन पाल, सरोज पाल, सुजीत मेहता, संजय चौबे, धनंजय चौबे, शशि मेहता रवि चौबे दुदुन साव विष्णु शाह एवं घूरा मेहता शामिल हैं। ग्रामीणों ने सभी श्रद्धालुओं की सफल यात्रा एवं सकुशल वापसी की कामना करते हुए "हर-हर महादेव" के जयघोष के साथ उन्हें विदाई दी।
