बलियारी ग्रामसभा में विकास योजनाओं पर लगी मुहर, ग्रामीणों की सहमति से कई प्रस्ताव पारित
कांडी (गढ़वा): प्रखंड क्षेत्र की बलियारी पंचायत भवन के बैठक कक्ष में गुरुवार को ग्रामसभा का आयोजन किया गया। ग्रामसभा की अध्यक्षता पंचायत के मुखिया पुरुषोत्तम कुमार रवि ने की। बैठक में प्रखंड विकास पदाधिकारी, कांडी के पत्रांक-08, दिनांक 25 जुलाई 2026 के आलोक में VB-G RAM-G योजना अंतर्गत चयनित विकास योजनाओं पर विस्तृत चर्चा की गई तथा ग्रामसभा की स्वीकृति के बाद उन्हें युक्तधारा पोर्टल पर प्रविष्ट करने की प्रक्रिया सुनिश्चित करने का निर्णय लिया गया।
ग्रामसभा में ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों को योजना की पूरी जानकारी पढ़कर सुनाई गई। बैठक में बताया गया कि ग्राम पंचायत स्तर पर मिट्टी-मोरम सड़क की मरम्मत एवं निर्माण (ग्रेड-2), गाय शेड, बकरी शेड, कच्ची नाली निर्माण, विद्यालय, आंगनबाड़ी केंद्र, पंचायत भवन की चारदीवारी सहित अन्य जनहित से जुड़ी विकास योजनाओं का चयन एवं अनुमोदन ग्रामसभा के माध्यम से किया जाना है।
बैठक के दौरान उपस्थित ग्रामीणों, वार्ड सदस्यों एवं जनप्रतिनिधियों ने विभिन्न योजनाओं पर अपने सुझाव भी रखे और पंचायत के समग्र विकास के लिए प्राथमिकता तय करने पर बल दिया। ग्रामसभा में विकास कार्यों को पारदर्शी एवं जनसहभागिता के साथ क्रियान्वित करने पर सहमति व्यक्त की गई।
इस अवसर पर सुधीर कुमार दुबे, परमानंद कुमार, विनोद राम, विधायक प्रतिनिधि कृष्णा पासवान, रवि रंजन तिवारी सहित पंचायत के वार्ड सदस्य, जनप्रतिनिधि एवं सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।
