ढबरिया सड़क की बदहाली पर विधायक पहुंचे, गुरुवार से मिट्टी-मोरम डालकर होगी मरम्मत
कांडी (गढ़वा)। वर्षों से जर्जर पड़ी बिजली ग्रिड से ढबरिया तक जाने वाली सड़क की बदहाल स्थिति आखिरकार जनप्रतिनिधियों के संज्ञान में आई। बरसात में कीचड़ और जलजमाव के कारण यह सड़क लोगों के लिए मुसीबत बन जाती है। किसानों, छात्रों, मरीजों और राहगीरों को प्रतिदिन भारी परेशानी झेलनी पड़ती है।
क्षेत्र की इस गंभीर समस्या को लेकर जिला परिषद सदस्य प्रतिनिधि दिनेश कुमार के लगातार प्रयास के बाद विधायक नरेश प्रसाद सिंह बुधवार को स्वयं मौके पर पहुंचे और सड़क का निरीक्षण किया। सड़क की बदहाल स्थिति देखकर उन्होंने तत्काल कार्रवाई का भरोसा देते हुए कहा कि मिशन जन कल्याण के तहत गुरुवार से सड़क पर मिट्टी एवं मोरम डलवाकर आवागमन सुगम बनाया जाएगा।
विधायक ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल समेत सभी बुनियादी सुविधाओं के विकास के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है और क्षेत्र का कोई भी गांव विकास से वंचित नहीं रहेगा।
उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई उनकी प्रतिबद्धता है। क्षेत्रवासियों ने भी सड़क मरम्मत की पहल का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि जल्द ही वर्षों पुरानी समस्या से उन्हें राहत मिलेगी।
निरीक्षण के दौरान जिला परिषद सदस्य सुषमा कुमारी, विधायक प्रतिनिधि आतिश सिंह, बीडीसी अभिनंदन शर्मा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं प्रबुद्धजन उपस्थित थे।
