गढ़वा में जायंट्स ग्रुप ने बांटे फलदार पौधे, पर्यावरण संरक्षण का दिलाया संकल्प
गढ़वा: पर्यावरण संरक्षण एवं हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जायंट्स ग्रुप ऑफ गढ़वा द्वारा शहर और आसपास के क्षेत्रों में लगातार फलदार एवं छायादार पौधों का वितरण किया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को जायंट्स वेलफेयर फाउंडेशन स्पेशल कमेटी के सदस्य विजय केसरी के प्रतिष्ठान के समीप राहगीरों एवं जरूरतमंद लोगों के बीच फलदार पौधों का वितरण किया गया। इस दौरान लोगों को पौधों की बेहतर देखभाल करने तथा अधिक से अधिक पौधारोपण करने का संकल्प भी दिलाया गया।
कार्यक्रम में संस्था के पदाधिकारियों ने कहा कि पर्यावरण को हरा-भरा बनाना, लोगों को पौधारोपण के प्रति जागरूक करना तथा ग्रामीण क्षेत्रों में फलदार पौधों को बढ़ावा देना जायंट्स ग्रुप की प्राथमिकता है। इस अवसर पर आम, अमरूद, नींबू और जामुन जैसे मौसमी फलदार पौधों का वितरण किया गया।
जायंट्स ग्रुप के पदाधिकारियों ने कहा कि गढ़वा रेन शैडो (Rain Shadow) क्षेत्र में आता है, जहां सामान्य से कम वर्षा होती है। ऐसे में प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में अधिक से अधिक पौधे लगाकर उनकी देखभाल करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि हर व्यक्ति पौधारोपण का संकल्प ले, तो क्षेत्र में हरियाली बढ़ेगी और पर्यावरण संतुलन के साथ बेहतर वर्षा की भी संभावना बढ़ेगी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जायंट्स गढ़वा के अध्यक्ष अशोक गुप्ता ने की। मौके पर जायंट्स वेलफेयर फाउंडेशन स्पेशल कमेटी के सदस्य विजय केसरी, जायंट्स फेडरेशन-8 के पूर्व अध्यक्ष विनोद कमलापुरी, फेडरेशन-8 के उपाध्यक्ष नंदकुमार गुप्ता, पूर्व अध्यक्ष विनोद कुमार गुप्ता, डॉ. वीरेन्द्र कुमार, मनोज केशरी (पोस्ट ऑफिस एजेंट), संजय ठाकुर, मनदीप प्रसाद सहित जायंट्स ग्रुप के कई सदस्य उपस्थित रहे।
