प्रेम ने रक्तदान कर बचाई मरीज की जान, कहा— रक्तदान है महादान Garhwa

प्रेम ने रक्तदान कर बचाई मरीज की जान, कहा— रक्तदान है महादान
गढ़वा। मानवता की मिसाल पेश करते हुए भवनाथपुर प्रखंड के अरसली गांव निवासी अजय कुमार गुप्ता के पुत्र प्रेमलाल गुप्ता ने शुक्रवार को गढ़वा ब्लड बैंक में एक यूनिट रक्तदान कर एक मरीज की जान बचाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

जानकारी के अनुसार, वार्डफनगर के महादेवपुर गांव निवासी खुशबू देवी को तत्काल रक्त की आवश्यकता थी। परिजन काफी प्रयास के बाद भी आवश्यक रक्त की व्यवस्था नहीं कर पा रहे थे। चिकित्सकों ने मरीज की गंभीर स्थिति को देखते हुए शीघ्र रक्त चढ़ाने की सलाह दी थी।

इसी दौरान मामले की जानकारी प्रेमलाल गुप्ता को मिली। उन्होंने बिना देर किए गढ़वा ब्लड बैंक पहुंचकर स्वेच्छा से रक्तदान किया, जिससे मरीज को समय पर रक्त उपलब्ध हो सका और उपचार आगे बढ़ाया गया।

इस नेक कार्य में डॉ. पातंजली केसरी की भूमिका भी महत्वपूर्ण रही। उन्होंने बताया कि रक्तदान महादान है और प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को समय-समय पर स्वैच्छिक रक्तदान करना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह रक्तदान स्वर्गीय सुबोध कुमार केसरी की पुण्यतिथि के अवसर पर किया गया, जो समाज के लिए प्रेरणादायक पहल है।

प्रेमलाल गुप्ता ने बताया कि यह उनका दूसरा स्वैच्छिक रक्तदान है। उन्होंने लोगों से अपील की कि जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे आएं और रक्तदान जैसे पुण्य कार्य में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें।

इस अवसर पर जितेंद्र कुमार यादव, संतोष कुमार, विनीत कुमार यादव, अंकित यादव, पूजा कुमारी सहित कई लोग उपस्थित रहे। उपस्थित लोगों ने प्रेमलाल गुप्ता के इस मानवीय कार्य की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया।

Latest News

दिल का दौरा पड़ने से बलियारी के कुंडल दुबे का निधन, गांव में शोक की लहर Kandi