कांडी (गढ़वा): हरिहरपुर ओपी क्षेत्र अंतर्गत श्रीनगर गांव में हुई संदिग्ध मौत के मामले को लेकर पूर्व विधायक भानु प्रताप शाही शनिवार को पीड़ित परिवार से मिलने उनके आवास पहुंचे।
इस दौरान उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जानकारी ली तथा परिवार को न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया।
परिजनों से बातचीत के बाद पूर्व विधायक ने मौके पर ही गढ़वा के पुलिस अधीक्षक से दूरभाष पर वार्ता की और मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी एवं न्यायसंगत जांच सुनिश्चित करते हुए दोषियों के विरुद्ध शीघ्र एवं कड़ी कानूनी कार्रवाई करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि यदि किसी भी स्तर पर दोषियों को बचाने का प्रयास किया गया तो वे पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़े रहेंगे और न्याय की लड़ाई हर स्तर पर लड़ेंगे।
इसके पश्चात पूर्व विधायक ने कांडी-केतार मुख्य सड़क से श्रीनगर दरीदह जाने वाली जर्जर सड़क का भी निरीक्षण किया। ग्रामीणों ने सड़क की बदहाल स्थिति से होने वाली परेशानियों से उन्हें अवगत कराया। इस पर उन्होंने दो राज्यों (बिहार -झारखंड ) को जोड़ने वाली सोन नदी पर निर्माणाधीन श्रीनगर - पंडुका पुल निर्माण कंपनी के संवेदक से तत्काल वार्ता कर सड़क की मरम्मत कराने का निर्देश दिया। निर्देश के बाद सड़क मरम्मत का कार्य प्रारंभ कर दिया गया। साथ ही उन्होंने निर्माणाधीन पुल का भी निरीक्षण कर कार्य की गुणवत्ता एवं प्रगति की जानकारी ली तथा समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य पूरा करने का निर्देश दिया।
ग्रामीणों ने पूर्व विधायक के समक्ष क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को भी रखा, जिस पर उन्होंने संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर शीघ्र समाधान कराने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष संतोष सिंह, सांसद प्रतिनिधि विनोद बिहारी द्विवेदी, भाजपा महामंत्री निर्मल विश्वकर्मा, दृष्टि यूथ ऑर्गेनाइजेशन के प्रधान सचिव एवं सामाजिक कार्यकर्ता शशांक शेखर सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
